मूणत ने कचरा रेमीडिएशन कार्य का किया निरीक्षण… काम की गति धीमी होने पर जताई नाराजगी…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने आज नगर निगम द्वारा सरोना क्षेत्र में चल रहे कचरा रेमीडिएशन कार्य का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्य की अत्यंत धीमी प्रगति पर गहरी नाराज़गी जताई। संबंधित ठेकेदार एवं निगम अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि 30 जून तक कार्य हर हाल में पूर्ण होना चाहिए, ताकि आगामी वर्षा ऋतु में वहां पौधारोपण अभियान शुरू किया जा सके।

मूणत ने कार्य की समीक्षा करते हुए स्पष्ट कहा कि यह कार्य राजधानी के पर्यावरणीय संतुलन और नागरिकों के स्वास्थ्य से जुड़ा अत्यंत संवेदनशील विषय है। तत्काल अतिरिक्त मशीनें व संसाधन लगाकर कार्य की गति बढ़ाई जाए। उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि कार्य में लापरवाही किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी। निरीक्षण के अंत में मूणत ने कहा कि 30 जून की समय-सीमा सुनिश्चित रूप से अंतिम है, जिससे कि मानसून से पहले स्थल को पौधरोपण के लिए तैयार किया जा सके और रायपुर को स्वच्छ व हरित राजधानी बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाया जा सके।

इस अवसर पर नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप, संत रविदास वार्ड पार्षद अर्जुन यादव, सुनील चंद्राकर, निगम अपर कमिश्नर राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, जोन 8 कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल, कार्यपालन अभियंता अभिषेक गुप्ता, स्वच्छ भारत मिशन कार्यपालन अभियंता  रघुमणी प्रधान, सहायक अभियंता योगेश कडु तथा कार्यकारी एजेंसी हील ब्रो मेटेलिक प्रा. लि. के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *