मिसाल न्यूज़
रायपुर। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने राजधानी रायपुर को सुंदर, सुव्यवस्थित और सुगम यातायात युक्त बनाने के उद्देश्य से शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन दौरा किया। विकास कार्यों की धरातलीय स्थिति परखने और भविष्य की कार्ययोजनाओं को गति देने के लिए अग्रवाल ने अधिकारियों की टीम के साथ घंटों पसीना बहाया।

निरीक्षण के दौरान सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहर के मध्य स्थित व्यस्त सड़कों का अधिकारियों के साथ अवलोकन किया तथा ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए सड़कों को व्यवस्थित करने, अतिक्रमण हटाने एवं यातायात के सुचारु संचालन हेतु ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। सबसे पहले अग्रवाल ऑक्सीजोन पहुंचे। वहां की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया और स्वच्छता, हरियाली एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया और इसे अधिक जन-उपयोगी बनाने के निर्देश दिए। फिर शंकर नगर मेन रोड पहुंचे। शंकर नगर क्षेत्र में लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सड़क मार्ग को क्लियर करने एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अग्रवाल ने कचना में निर्माणाधीन रेल ब्रिज का निरीक्षण कर उसके निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही जोरा से कचना, मोवा होते हुए WRS तक प्रस्तावित सड़क निर्माण स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर की यातायात व्यवस्था के लिए अत्यंत आवश्यक बताते हुए उसकी प्रक्रिया को गति देने पर जोर दिया। इसके अतिरिक्त कचना क्षेत्र में रेलवे द्वारा स्वीकृत अंडरपास का भी अवलोकन किया गया। अग्रवाल और उनकी टीम नरइया तालाब सिद्धार्थ चौक पहुंचे। वहां स्वीकृत दिव्यांग पार्क स्थल का निरीक्षण किया।
दौरे में नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप समेत अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।

