मिसाल न्यूज़
रायपुर। वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय मधुकर खेर की जयंती और वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय एस. के. दासगुप्ता की पुण्य तिथि के अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में एक गरिमामय स्मरण कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में उपस्थित पत्रकारों ने दोनों दिवंगत पत्रकारों के व्यक्तित्व, कृतित्व और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बाबूलाल शर्मा, बसन्तवीर उपाध्याय, गोकुल सोनी, के.एन. किशोर एवं अनिरुद्ध दुबे सहित अन्य वक्ताओं ने स्वर्गीय खेर तथा स्वर्गीय दासगुप्ता के पत्रकारिता जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए। वक्ताओं ने कहा कि दोनों ही पत्रकारों ने निष्पक्ष, निर्भीक और जनपक्षधर पत्रकारिता की परंपरा को न केवल आगे बढ़ाया, बल्कि नई पीढ़ी के लिए आदर्श स्थापित किए।

कार्यक्रम का संचालन करते हुए प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि आज के बदलते मीडिया परिदृश्य में ऐसे आदर्शों को याद करना और उन्हें आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। स्मरण कार्यक्रम में रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू और भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित थे। वरिष्ठ पत्रकार प्रशांत शर्मा, मंजूषा शर्मा, संदीप पुराणिक, राजेन्द्र निगम, पंकज चौहान, लवकुश शुक्ला, रत्ना पांडे, रेणु नन्दी, आफताब बेगम, शगुफ्ता शिरीन, विनीता मंडल, जावेद भाई एवं मकरंद खेर ने भी श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
इस अवसर पर स्वर्गीय खेर के सुपुत्र और रायपुर नगर निगम के जनसंपर्क अधिकारी मिलिंद खेर तथा स्वर्गीय दासगुप्ता की सुपुत्री और पत्रकार रूमा सेनगुप्ता ने अपने-अपने पिता के जीवन मूल्यों और पत्रकारिता के प्रति उनके समर्पण को साझा किया। कार्यक्रम के अंत में दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की गई।

