मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने मार्च के आखरी सप्ताह में पेश होने जा रहे नगर निगम के 2026-27 अनुमानित बजट के लिए लिखित में सूझाव महापौर श्रीमती मीनल चौबे को दिए हैं।
आकाश तिवारी ने बताया कि महापौर द्वारा बजट को लेकर सुझाव मांगा गया था। कुछ महत्वपूर्ण सूझाव मैंने लिखित में दिए हैं। सुझाव रखा कि भाटागांव बस स्टैंड मार्ग पर मठपुरैना कुशालपुर जो रिंग रोड भी है वहां पैदल चलने वालों की संख्या अत्यधिक है। लगातार बसों की आवाजाही के कारण वहीं दुर्घटनाएं होती रहती हैं। वहां फुट ओवर ब्रिज बनाने काा सुझाव दिया है। देवेन्द्र नगर श्मशान घाट, मारवाड़ी श्मशान घाट समेत जो अन्य मुक्तिधाम हैं वहां गौकाष्ठ की उपयोगिता को बढ़ावा देने का सूझाव दिया है। इससे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में हम आगे बढ़ेंगे। साथ ही गरीबी रेखा के अंतर्गत जीवन यापन करने वाले लोगों को अंतिम संस्कार हेतु निशुल्क गौकाष्ठ उपलब्ध कराये जाने का सूझाव दिया है। राजातालाब एक ऐतिहासिक तालाब है, जो हमारे रायपुर की पुरानी पहचान के रूप में जाना जाता है। इसकी लगातार हो रही दुर्दशा छिपी नहीं है। उक्त तालाब को शहर की प्रमुख धरोहर के रूप में सुरक्षित एवं संरक्षित कर सौंदर्यकरण कराये जाने का सूझाव दिया है। महामाया मंदिर के पास पुरानी बस्ती चंगोराभाठा सड्डू मोवा सहित अन्य ऐसे बहुत से वार्ड हैं जहां रोड पर बाजार संचालित होते हैं। इससे यातायात बाधित होता है। उन दैनिक बाजारों को निगम की शासकीय नजूल रिक्त ऐसी जमीनें जिनका अभी कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है वहां इन्हें सुव्यवस्थित तरीके से संचालित करने का सूझाव दिया है।

