उरला थाना क्षेत्र पुलिस कमिश्नर व एस.पी. ग्रामीण में विभाजित… विधानसभा में उप मुख्यमंत्री ने दी जानकारी…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज उप मुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा को ओर से जानकारी सामने आई कि राजधानी रायपुर के सीमावर्ती क्षेत्र उरला के एक हिस्से का पर्यवेक्षण पुलिस कमिश्नर तथा दूसरे का हिस्से का पुलिस अधीक्षक ग्रामीण करेंगे।

कांग्रेस विधायक भोलाराम साहू का लिखित में सवाल था कि क्या पुलिस कमिश्नर प्रणाली से उरला थाना का पर्यवेक्षण पुलिस कमिश्नर ही करेंगे या पुलिस अधीक्षक ग्रामीण भी करेंगे?  क्या यह सही है कि कुछ नगरीय क्षेत्रों को कमिश्नर के क्षेत्राधिकार से बाहर रखा गया है और कुछ पंचायतों को कमिश्नर के क्षेत्राधिकार में रखा गया है?

उप मुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा का लिखित में जवाब आया कि पुलिस जिला रायपुर का पुर्नगठन कर पुलिस जिला रायपुर नगरीय एवं पुलिस जिला रायपुर ग्रामीण बनाया गया है। पुलिस जिला रायपुर नगरीय में पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू की गई है। इस व्यवस्था में उरला पुलिस थाना क्षेत्र को दो भागों में विभाजित किया गया है। उरला थाने के बीरगांव नगर निगम अंतर्गत आने वाले क्षेत्र का पर्यवेक्षण रायपुर पुलिस कमिश्नर करेंगे। उरला थाने के नगर निगम के बाहर आने वाले क्षेत्र का पर्यवेक्षण पुलिस अधीक्षक, पुलिस जिला रायपुर ग्रामीण करेंगे। पुलिस कमिश्नर प्रणाली लागू होने की स्थित में पुलिस जिला रायपुर का पुर्नगठन करके पुलिस जिला रायपुर नगरीय एवं पुलिस जिला रायपुर ग्रामीण बनाया गया है। इन दोनों पुलिस जिलों का कार्यक्षेत्र राजपत्र में प्रकाशित अधिसूचना अनुसार परिभाषित है। रायपुर जिले के कुछ नगरीय क्षेत्रों को पुलिस कमिश्नर के क्षेत्राधिकार से बाहर रखा गया है। पुलिस जिला रायपुर नगरीय के अधीनस्थ मुजगहन पुलिस थाना क्षेत्र अंतर्गत कुछ ग्राम पंचायतें शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *