राजधानी रायपुर में शांति समिति की बैठक- होली में बंद रहेंगी शराब दुकानें… गाना-बजाना रात 10 तक ही… मुखौटा लगाकर या पीकर घूमे तो सख्त कार्रवाई…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में आज जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन द्वारा कलेक्टोरेट परिसर स्थित टाउनहॉल में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी समाजों के प्रमुख नागरिक शामिल हुए। होली एवं अन्य त्यौहारों को ध्यान में रखते हुए शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने के निर्देश दिए गए। शासन की नीति अनुसार होली के दौरान शराब दुकानें बंद रहेंगी। परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग रात्रि 10 बजे तक ही और धीमी ध्वनि में किया जा सकेगा। मुखौटा लगाकर घूमने वालों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी।

एडीएम श्री उमाशंकर बंदे ने कहा कि आने वाले दिनों में होली का त्योहार है और इस समय रमजान का महीना भी चल रहा है। नागरिकों से अपील है कि सौहार्दपूर्ण वातावरण में और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाएं तथा प्रशासन के साथ समन्वय बनाए रखें। इस दौरान समाज प्रमुखों ने भी अपने सुझाव रखे।

एडीएम बंदे ने कहा कि होली रंगों का त्योहार है, जो जीवन में खुशियां और उल्लास भरता है। होलिका दहन के लिए शहर के विभिन्न स्थानों पर मुरूम डलवाई जा रही है। इसके लिए नगर निगम के जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया गया है। सार्वजनिक स्थलों पर विद्युत व्यवस्था एवं साफ-सफाई सुनिश्चित की जाएगी तथा पर्याप्त पानी की व्यवस्था भी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि अस्त्र-शस्त्र के उपयोग एवं प्रदर्शन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बिजली के तारों, टेलीफोन के खंभों के नीचे तथा डामर सड़कों पर होलिका दहन नहीं किया जाएगा। पुलिस द्वारा फिक्स पॉइंट बढ़ाए जाएंगे तथा बाइक पेट्रोलिंग की जाएगी। होलिका दहन निर्धारित समय पर किया जाएगा। जबरन चंदा वसूली करने वालों पर कार्रवाई होगी। होलिका दहन सड़क किनारे सुरक्षित स्थान पर किया जाएगा तथा दहन के बाद रेत डलवाई जाएगी।

डीसीपी (उत्तर) मयंक गुर्जर ने कहा कि नशे की हालत में उत्पात मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन का पालन करते हुए शांति पूर्वक त्योहार मनाने की अपील की। नकाब पहनकर हुड़दंग करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डीसीपी (पश्चिम) संदीप कुमार पटेल ने कहा कि सड़कों पर डीजे लगाना प्रतिबंधित है तथा यातायात किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होना चाहिए। उन्होंने समाज प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि यदि किसी क्षेत्र में शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका हो तो तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचना दें।

नगर सेना द्वारा होली को ध्यान में रखते हुए फायर ब्रिगेड की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। होली गुलाल एवं रंग से खेली जाएगी। पेंट, कीचड़, वार्निश अथवा शरीर के लिए हानिकारक पदार्थों का उपयोग नहीं किया जाएगा। धार्मिक स्थलों पर आने-जाने वालों पर रंग-गुलाल नहीं डाला जाएगा। खुली जीप अथवा अन्य चारपहिया वाहनों में समूह बनाकर तथा दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर हुड़दंग करने पर कार्रवाई की जाएगी। लोगों के घरों पर जबरन रंग नहीं डाला जाएगा। तेज रफ्तार वाहन चालकों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुखौटा लगाकर घूमने वालों एवं शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर भी सख्त कार्रवाई होगी। हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखी जाएगी तथा किसी भी प्रकार की अशांति फैलाने पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।

बैठक में अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, डिप्टी कलेक्टर उत्तम रजक, उपेन्द्र किंडो, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा, एडीसीपी मध्य तारकेश्वर पटेल, एडीसीपी उत्तर आकाश मरकाम सहित सिटी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *