ई-केवायसी सही नहीं होने से प्रभावित हो रहा राशन वितरण, विपक्ष का वाक आउट… नेट नहीं पकड़ने से सड़क पर लगानी पड़ती है लाइन…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज कांग्रेस विधायकों ने ई-केवायसी प्रक्रिया सही नहीं होने के कारण दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण व्यवस्था प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए खाद्य मंत्री दयालदास बघेल को घेरा और नारेबाजी करते हुए सदन से वाक आउट कर गए।

प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक दिलीप लहरिया का सवाल था कि क्या जिला बिलासपुर में ई-केवायसी अपडेट नहीं होने के कारण फरवरी, 2026 में राशन कार्डधारी सदस्यों का खाद्यान्न आबंटन रोक दिया गया है? यदि हां, तो खाद्यान्न आबंटन हेतु क्या वैकल्पिक व्यवस्था की गई?

खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की ओर से जवाब आया कि  बिलासपुर जिले में ई-केवायसी हेतु शेष हितग्राहियों में से ऑफ लाईन उचित मूल्य दुकानों में संलग्न राशन कार्डों, एकल निराश्रित राशन कार्डों, निःशक्तजन राशन कार्डों, गंभीर लाईलाज बीमारी वाले राशन कार्डों, नॉमिनी के माध्यम से खाद्यान्न उठाव करने वाले राशन कार्डों के सभी हितग्राहियों को नियमित आबंटन जारी किया जा रहा है। वित्त विभाग के परिपत्र दिनांक 17-07-2025 के अनुक्रम में हितग्राहियों का ई-केवायसी पूर्ण होने पर आबंटन जारी किया जायेगा। हितग्राहियों के ई-केवायसी हेतु उचित मूल्य दुकान में स्थापित ई-पॉस मशीन में प्रावधान दिया गया है। इसके साथ-साथ एंड्रायड मोबाईल में ‘मेरा ई-केवायसी’ एप के माध्यम से फेस ई-केवायसी कर सकते हैं।

कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा कि ऐसे कितने ही स्थान हैं जहां जनवरी, फरवरी का राशन नहीं मिला। मार्च में केवायसी हुआ। क्या जनवरी, फरवरी एवं मार्च का एक साथ राशन प्रदान करेंगे? इस पर मंत्री की ओर से कोई ठोंस जवाब नहीं आया, जिस पर विरोध दर्ज कराते हुए विपक्षी विधायकगण शोर मचाने लगे।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि मैं विधायक जनक ध्रुव के बिन्द्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र में गया था। वहां के खरदा गांव में मैंने देखा कि लोग सड़क पर लाइन लगाकर खड़े हैं। पूछने पर मालूम हुआ कि राशन दुकान में नेट नहीं पकड़ता। यही कारण है लोगों को सड़क पर केवाइसी कराना पड़ रहा है। एक आदमी के काम में पांच मिनट लग रहे थे। यह स्थिति बिन्द्रानवागढ़ ही नहीं बल्कि बस्तर तथा और कई अन्य स्थानों की है। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक को लाइन में देखा जा सकता है। यह संख्या लाखों में है। नेट नहीं चल पाने के कारण ठीक तरीके से केवायसी नहीं हो पा रहा उस पर क्या व्यवस्था देंगे?

मंत्री ने कहा कि ई केवायसी बराबर हो रहा है। पिछले महीनों में व्यवस्था सुधरी है। मंत्री की तरफ से ठोंस जवाब नहीं आने का आरोप लगाते हुए विपक्षी विधायक शोर मचाने लगे। विरोध दर्ज कराने का क्रम शोर शराबे तक ही सीमित नहीं रहा। कुछ देर बाद सारे विपक्षी विधायकगण नारेबाजी करते हुए सदन से वाक आउट कर गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *