एमआईसी की बैठक में बड़े फैसले- पुराना महापौर बंगला ईडी दफ्तर के होगा सुपुर्द… ऑक्सीजोन के नाम पर हटाए गए दुकानदारों के व्यवस्थापन की राह और आसान… कई स्थानों पर बनेगा वेंडिंग जोन…

0 शहीद मेजर यशवंत गोविंद गोरे व सत्य प्रदीप दत्ता की लगेगी प्रतिमा

0 नरैया तालाब के बाजू बनेगा दिव्यांग पार्क

0 दतरेंगा मोड़ से चन्द्रा टाउन, महादेव घाट रोड तक होगा सड़क चौड़ीकरण

मिसाल न्यूज़

रायपुर।  महापौर श्रीमती मीनल चौबे की अध्यक्षता में आज हुई नगर निगम की मेयर इन कौंसिल की बैठक में बड़े अहम् फैसले हुए। नल घर चौक (ओसीएम चौक) के पास स्थित पुराना महापौर बंगला अब ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) के हवाले होगा। जल्द यह जगह ईडी दफ्तर के रूप में पहचानी जाएगी। ऑक्सीजोन के नाम पर पंडरी रोड में खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए 69 दुकानदारों के व्यवस्थापन की राह और आसान की गई।  शहर के 15 स्थानों पर वेंडिंग जोन खुलेंगे। सिद्धार्थ चौक के पास नरैया तालाब के पास दिव्यांग पार्क बनेगा।

ईडी के डिप्टी डायरेक्टर ने कलेक्टर के माध्यम से 4000 वर्गफुट भूमि की मांग अपने आंचलिक कार्यालय के लिए की थी। सुभाष स्टेडियम के पास पुराना महापौर निवास परिसर स्थित है। उक्त निवास परिसर वर्तमान में रिक्त है। उसे ईडी दफ्तर को सौंपने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया। उक्त निवास में भूतल पर 4 बड़े कमरे, 2 छोटे कमरे, प्रसाधन कक्ष तथा प्रथम तल पर 2 बड़ा हॉल, 2 छोटे कमरे सहित प्रसाधन कक्ष उपलब्ध हैं। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट (उपायुक्त पश्चिम कार्यालय) के कार्यालय संचालन हेतु मुक्ति धाम कोटा के सामने स्थित सामुदायिक भवन को अस्थायी आबंटन किये जाने की मांग की गई थी, जिस पर स्वीकृति प्रदान की गई।

ऑक्सीजोन के नाम पर खालसा स्कूल के सामने से हटाए गए दुकानदारों का शंकर नगर में क्रिस्टल आर्केड के सामने व्यवस्थापन किया जाना पूर्व से तय है। पूर्व में नगर निगम की योजना शाखा द्वारा फायनेंशियल टॉवर का कार्य प्रारंभ होने के उपरांत ही समस्त 69 दुकानदारों से राशि लिया जाकर दुकानों का निर्माण किया जाना प्रस्तावित था। फायनेंशियल टॉवर का कार्य प्रारंभ होने में अत्यधिक समय लगने की संभावना को देखते हुए उसके निर्माण शुरु होने से पहले ही प्रभावित दुकानदारों को दुकान बनाकर देने का निर्णय लिया गया। दुकानदारों से राशि जमा कराया जाकर दुकान का निर्माण किया जाना प्रस्तावित है।

भीड़-भाड़ वाले मार्गों में अस्थाई व्यवसायी वेंडर्स को शहर में उपयुक्त स्थानों पर व्यवस्थित करने बाबत् यातायात पुलिस एवं नगर निगम की टीम द्वारा संयुक्त निरीक्षण कर उपयुक्त वेंडिंग जोन का चिन्हांकन किया गया, जिन्हें वेंडिंग जोन घोषित किया जाएगा। इन स्थानों पर होंगे वेंडिंग जोन- खमतराई बाजार डी.आर.एम. ऑफिस के नीचे, तेलीबांधा एक्प्रेसवे ब्रिज के नीचे, कचना फाटक के पास व कचना ब्रिज के नीचे, गीतांजली नगर उद्यान के पास, काशीराम नगर गार्डन के सामने सर्विस रोड से लगकर, कैनाल रोड के बाजू अहिल्या बाई होलकर चौक, सुभाष स्टेडियम के बाजू चर्च गली, वनभैंसा तिराहा (नंदकुमार पटेल चौक) से हेमू कलाणी तिराहा (रात्रि चौपाटी), आर.के.सी. गेट एवं आश्रम तिराहे के मध्य, खोखो तालाब एस.टी.पी. प्लांट के पास, मठपुरैना त्रिमूर्ति मंदिर के सामने, आमानाका ओवर ब्रिज के बगल में, मोवा ओवर ब्रिज के नीचे, जोरापारा तालाब पौनी पसारी के पास एवं कमल विहार।

 साईंस कॉलेज के उद्यान में शहीद लेफ्टीनेंट राजीव पांडेय की प्रतिमा के बगल में शहीद मेजर यशवंत गोविंद गोरे जी की प्रतिमा तथा शंकर नगर सेक्टर 2 उद्यान में शहीद मेजर सत्य प्रदीप दत्ता की प्रतिमा स्थापित किए जाने पर निर्णय हुआ।

छत्तीसगढ़ राज्य में 27 अलग-अलग कैटेगिरी में लगभग 7 लाख से अधिक दिव्यांगजन हैं, जिन्हें विशेष सुविधा, चिकित्सीय सहायता एवं एक केन्द्रीयकृत स्थल की आवश्यकता है। इस हेतु केन्द्र सरकार द्वारा समाज कल्याण विभाग के माध्यम से रायपुर नगर निगम को दिव्यांग पार्क निर्माण के लिए एजेन्सी बनाया गया है। दिव्यांग पार्क निर्माण में 9 करोड़ 95 लाख 76 हजार 285 रुपये अनुमानित लागत आएगी। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शहर के मध्य सिद्धार्थ चौक टिकरापारा स्थित रिक्त सिद्धार्थ कॉलोनी की भूमि (नरैया तालाब के समीप) में दिव्यांग पार्क बनाने हेतु नगर निगम को पत्र लिखा था। नरैया तालाब के बाजू दिव्यांग पार्क बनाने पर सहमति बनी।

ज्ञात हो कि नरैया तालाब के समीप बर्ड पार्क का निर्माण किये जाने हेतु निविदा आमंत्रित की गई थी। चूंकि नरैया तालाब के समीप ही दिव्यांग पार्क निर्माण प्रस्तावित हुआ है। अतः बर्ड पार्क के निर्माण कार्य का स्थल परिवर्तन कर भैंसथान किया जा रहा है। पूर्व में दिव्यांग पार्क दलदल सिवनी में बनना प्रस्तावित था।

एमआईसी बैठक में नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप समेत एमआईसी सदस्यगण महेन्द्र खोडियार, मनोज वर्मा, अवतार भारती बागल, दीपक जायसवाल, संतोष सीमा साहू, भोलाराम साहू, नंद किशोर साहू, खेम कुमार सेन, श्रीमती सरिता आकाश दुबे, श्रीमती गायत्री सुनील चंद्राकर, डॉ. अनामिका सिंह, श्रीमती संजना संतोष हियाल, अपर कमिश्नरगण, मुख्यअभियंता, अधीक्षण अभियंतागण, जोन कमिश्नरगण, उपायुक्तगण, कार्यपालन अभियंतागण, सभी विभागों के प्रभारी अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *