संगीता सिन्हा ने बालिकाओं व महिलाओं के गुम होने का मामला सदन में उठाया

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज प्रदेश में लगातार बालिकाओं एवं महिलाओं के गुम होने की घटनाओं पर कांग्रेस विधायक श्रीमती संगीता सिन्हा ने चिंता जताते हुए सवाल खड़े किए।

प्रश्नकाल में श्रीमती संगीता सिन्हा का सवाल था कि जनवरी 2023 से 31 जनवरी 2026 तक प्रदेश में बालिकाओं एवं महिलाओं के गुम होने, अपहरण एवं बहला-फुसलाकर ले जाने की कितनी सूचनाएं थानों में प्राप्त हुई हैं? कितने प्रकरणों पर गुमशुदगी एवं अपहरण के मामले दर्ज किये गए एवं कितने में नहीं? उप मुख्यमंत्री (गृह) विजय शर्मा की ओर से जवाब आया कि प्रश्नाधीन अवधि में आई जो भी सूचनाएं आईं उन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। बालिकाओं को ढूंढ़ने के लिए “ऑपरेशन मुस्कान” एवं महिलाओं हेतु “ऑपरेशन तलाश” चलाया जा रहा है। समस्त प्रकरणों में गुम बालिकाओं एवं महिलाओं के ईश्तहार जारी कराया गया है। “समाधान” मोबाईल एप के माध्यम से जानकारी प्रसारित कर शेष बालिकाओं एवं महिलाओं को ढूंढ़ने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।

श्रीमती संगीता सिन्हा ने कहा कि जिस अवधि को लेकर मेरा सवाल है उसके अंतर्गत 7218 महिलाएं व बालिकाएं अभी भी लापता हैं। मेरे विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सनौद में एक बच्ची स्कूटी से पूजा करने के लिए निकलती है फिर लौटकर घर नहीं आती। थाने में एफआईआर भी हुई है। पता नहीं बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ के नारे कैसे लगा लेते हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जब एफआईआर हुई तो कार्यवाही भी हो रही होगी। कांग्रेस विधायक देवेन्द्र यादव ने भी बालिकाओं के गुम होने पर सवाल खड़े किए। उप मुख्यमंत्री ने सनौद में गुम हुई बालिका के संबंध में विभाग से चर्चा कर जरूरी कदम उठाने का आश्वासन दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *