मीनल के बजट में नई बातें, बड़े वादे… पुरानी परिषद को जी भर के कोसा…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम मुख्यलाय में आज महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने वर्ष 2026-27 का 1924 करोड़ 9 लाख 12 हजार रुपये का अनुमानित बजट पेश किया। सामान्य सभा में बजट पेश करने के बाद अपनी बात रखते हुए महापौर ने कहा कि एक साल का प्लान मैंने अपने बजट भाषण में रखा है। पिछले वर्ष जो प्लान एक वर्ष के लिए मैं और मेरी परिषद ने मिलकर तय किए थे, उसे पूरा करने हम ईमानदारी से प्रयास किए और अपनी घोषणाओं को पूरा करने दिन रात एक किया है। महापौर ने कहा कि पूर्व के कार्यकाल में तैयार की गई दोषपूर्ण नीतियां रायपुर नगर निगम के इतिहास का वो काला अध्याय है, जिसे सुशासन की राह पर तेजी से आगे बढ़ने वाला कोई भी शहर, सरकार या परिषद कभी दोहराना नहीं चाहेगा।

महापौर ने कहा कि हमारी सोच बड़ी होनी चाहिए। मजबूत इच्छा शक्ति के आगे सारी अड़चनें घुटने टेक देती हैं। वर्तमान बजट केवल आकड़ों का लेखा-जोखा नहीं है बल्कि राजधानी के हर नागरिक की आशाओं का प्रतिबिंब हैं। पिछले वर्ष की उपलब्धियां हमारी नींव है और आगामी वर्ष के लक्ष्य हमारी उड़ान। हम एक ऐसे रायपुर की परिकल्पना कर रहे हैं जहां आधुनिकता भी हो और अपनी माटी की सुगंध भी, जहां विकास की चमक भी हो और हरियाली भी।रायपुर की बेटी होने के नाते मुझे यह कहने में भी पीड़ा हो रही है कि हमारे से पहले की परिषद ने स्मार्ट सिटी मिशन से 910 करोड़ रुपए, अमृत मिशन से 447 करोड़ रुपए, 24X7 जलापूर्ति योजना से 131 करोड़ रु. की बड़ी धनराशि प्राप्त होने के बाद भी बेपटरी हुई व्यवस्थाओं को सुधारने में कोई रूचि और इच्छा शक्ति न दिखाकर केवल शहर को झूठे सजावट का मॉडल बनाकर रख दिया। नागरिक परेशान थे, लेकिन उनकी सुनवाई के लिए पूर्ववर्ती परिषद पूरी तरह गैर जिम्मेदार रही।

महापौर ने कविता की इन लाइनों को पढ़कर पिछली बार की परिषद पर कटाक्ष किया-

उस जमाने की याद आई,

तो जख्म कुछ पुराने निकले

शहर में करना था

जिसे सांप कांटे का इलाज

उसके तहखाने से तो

सांपों के ठिकाने निकले

महापौर ने कहा कि जल भराव से जूझते मोहल्ले, पीने के पानी के लिए मचा हाहाकार, चारों तरफ हो रहे अवैध अतिक्रमण तक की सुध लेने वाला कोई नहीं था। उल्टे बूढ़ातालाब परिसर में खर्च हुए करोड़ों रुपए, चौक-चौराहों की सजावट पर बंदरबांट, बिना देख-रेख के टूटे-फूटे गौरव पथ, अधिकांश तालाबों, उद्यानों, सड़कों की दुर्गति, बेतरतीब बसाहट, अमृत मिशन जैसी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की बदहाली, ग्रीन बेल्ट की गायब हरियाली जैसे कई कृत्य पूर्ववर्ती परिषद के कुशासन का जीता-जागता सबूत है, जिसे जनता आज भी जी भर कर कोसती है।

महापौर ने अपने बजट भाषण में कहा कि रायपुर के ऐतिहासिक, पौराणिक स्थल के रूप में प्रतिष्ठित महादेव घाट के जीर्णोद्धार के लिए पूर्ववर्ती दोनों महापौर ने बड़ी घोषणाएं की, किन्तु इन घोषणाओं के क्रियान्वयन में शहर को इनकी कोई इच्छा शक्ति देखने नहीं मिली। नतीजा यह रहा कि 15 सालों में महादेव घाट और रायपुर शहर की लाइफ लाइन खारून नदी अव्यवस्थाओं से पटी रही, किंतु अब लोक निर्माण विभाग द्वारा खारून रिवर फ्रंट परियोजना के तहत इसका समग्र विकास किये जाने का मार्ग प्रशस्त हो चुका है। पूर्ववर्ती परिषद् ने अभी तक शुद्ध पेयजल की उपलब्धता की दिशा में व्यवस्थाओं के विस्तार को पूरी तरह से नज़र अंदाज किया। अमृत मिशन से 14 बड़े जलागार बनाए गए, पर इनसे बस्तियों को जोड़ने पाइप लाइन की व्यवस्था का न होना यह दर्शाता है कि पूर्ववर्ती महापौर शहर को पेयजल की समुचित सुविधा देने की ठोस रणनीति पर काम करने में असफल रहे और विशेषकर ग्रीष्म ऋतु में इस शहर को टैंकर के भरोसे रखकर आम लोगों को पीने के पानी तक के लिए तरसने को मजबूर रखा। अमृत मिशन से राशि 447 करोड़ रुपए, 24X7 जलापूर्ति योजना हेतु 130 करोड़ 67 लाख रु. जैसी महत्वपूर्ण योजना का क्रियान्वयन यदि उचित ढंग से किया जाता, तो रायपुरवासियों को पेयजल की बड़ी समस्या से जूझना नहीं पड़ता। अमृत मिशन से 14 बड़ी टंकिया तो बनाई गई, किन्तु इन्हें पाइप लाइन से जोड़ने की व्यवस्था नहीं रखी गई। हमारी परिषद ने पेयजल समस्या को दूर करने के लिए तकनीकी परीक्षण उपरांत इनमें से कुछ पानी टंकियों को पाइप लाइन से जोड़ने का महत्वपूर्ण कार्य शुरू किया है।

सभापति सूर्यकांत राठौर को बजट की प्रति सौंपते हुए महापौर श्रीमती मीनल चौबे व वित्त विभाग (एमआईसी) के अध्यक्ष महेन्द्र खोड़ियार

बजट में मीनल के वादे

0 रायपुर नगर निगम द्वारा पहली बार मध्यम वर्ग की महिलाओं के मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य को पूरा करने 5 करोड़ की लागत से “महिला शांति गृह” की स्थापना की जाएगी

0 नगर निगम के बजट में इस बार खारून महोत्सव शामिल रहेगा। रायपुर के सांस्कृतिक एवं पर्यावरण पहचान के लिए प्रतिवर्ष खारून महोत्सव का आयोजन किया जावेगा

0 शहीद स्मारक परिसर में लिफ्ट की सुविधा- मातृभूमि की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों के सम्मान मे निर्मित शहीद स्मारक भवन को वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा हेतु शहीद स्मारक परिसर में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी

0 रायपुर शहर के भीड़-भाड़ वाले महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थलों को चिन्हित कर वाटर कूलर लगाये जाएंगे

0 बूढ़ातालाब के समीप पुराना / धरना स्थल पर महिलाओं के लिए वेंडिग जोन बनाए जाएंगे

0 रायपुर शहर की नियमित व व्यवस्थित साफ- सफाई के लिये 1 करोड़ 50 लाख की लागत से रोबोटिक सक्शन मशीन क्रय की जाएगी

0 जिला प्रशासन व्दारा गौधाम हेतु फुंडहर के समीप स्थल चिन्हित किया गया है। इसके प्रभावी संचालन के लिए नगर निगम कदम उठायेगा

0 नगर निगम में कार्य करने वाली कार्यरत महिलाओं के लिए रक्षा कवच के रूप में आत्म रक्षा शिविर का आयोजन किया जाएगा

0 प्रत्येक जोन के उपेक्षित 2 उद्यानों का चिन्हांकन कर उनका सौदर्याकरण किया जायेगा

0 बर्तन बैंक को महिलाओं को रोजगार से जोड़ने व सिंगल प्लास्टिक के उपयोग को रोकने तथा वार्ड स्तर पर कूड़े में कमी लाने के उद्देश्य रायपुर के प्रत्येक वार्ड में बर्तन बैंक स्थापित किया जाएगा

0 आमापारा स्थित कारी तालाब में पीपीपी मॉडल पर पार्किंग सह वेंडिग जोन बनाये जाने का प्रावधान

0 गॉस मेमोरियल खेल मैदान के उन्नयन हेतु राशि रुपये 15 करोड़ का प्रावधान

0 जे.एन. पांडेय उच्चतर माध्यमिक शाला तथा सप्रे शाला एवं खेल परिसर विकास कार्य हेतु 10 करोड़ का प्रावधान

0 शहर में विभिन्न स्थानों में आवश्यकतानुसार पे एंड यूज़ शौचालय बनाए जाएंगे

0 परंपरागत खेल गतिविधियों को प्रोत्साहन देने व्यायाम शाला का जीर्णोद्धार किया जाएगा

0 रायपुर शहर की जीवन रेखा खारून नदी के तट को उच्च स्तरीय पर्यटन केन्द्र के रूप में विकसित किए जाने का निर्णय

0 1000 की जगह अब 1500 सीटर लाइब्रेरी की सौगात शहर को इसी वित्तीय वर्ष में

0 नरैया और पंडरी बस स्टैंड के पास निर्माणाधीन दो वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण

0 मनुआस रियलिटी से महादेव घाट तक सड़क निर्माण एवं चौडीकरण कार्य (2.1 कि.मी) हेतु 30 करोड़ का प्रावधान

0 केनाल रोड 2.0 (कलर्स माल के पीछे से प्रारंभ होकर 4.5 कि.मी. भाठागांव मार्ग तक) निर्माण हेतु 20 करोड़ का प्रावधान

0 कचना क्रॉसिंग से सेंट जेवियर होते हुए वी.आई.पी. रोड तक सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य हेतु 20 करोड़ का प्रावधान

0 बोरियाकला हाउसिंग बोर्ड के 1374 मकानों के सुदृढ़ीकरण हेतु राशि रुपये 20 करोड़ का प्रावधान

0 पंडरी कपड़ा मार्केट (दुल्हन साड़ी) से सीधी सड़क पंडरी मुख्य मार्ग तक सड़क निर्माण कार्य हेतु 4 करोड़ का प्रावधान

0 आमापारा चौक से हिंद स्पोर्टिंग मैदान तक सड़क चौडीकरण कार्य हेतु 5 करोड़ का प्रावधान

0 टाटीबंध से आर.डी. तिवारी स्कूल तक सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण हेतु 18 करोड़ का प्रावधान

0 एस.एम.सी. हॉस्पिटल से ऐश्वर्या विंडमिल होते हुए ब्रह्मकुमारी मुख्य मार्ग तक सड़क चौड़ीकरण एवं पुलिया निर्माण हेतु राशि रुपये 30 करोड़ का प्रावधान

0 अधोसंरचना विकास योजना अंतर्गत महंत तालाब के पुनरोत्थान तथा रिंग रोड क्रमांक-5 के निर्माण हेतु पृथक रूप से 1-1 करोड़ का प्रावधान

0 जिला प्रशासन, रोजगार एवं परामर्श केन्द्र व महाविद्यालयों के साथ समन्वय कर जॉब हेल्प डेस्क संचालित किए जाएंगे

0 चौक-चौराहों के सुधार व यातायात व्यवस्या को सुदृढ़ करने हेतु 50 लाख का प्रावधान

0 नगर निगम मुख्यालय तथा पंडरी में होगी स्वचालित पार्किंग की सुविधा

0 डुंडा में होगा 130 करोड़ 61 लाख रुपए की लागत से 150 एम.एल.डी. क्षमता के प्रस्तावित नवीन जल शुद्धिकरण संयंत्र का निर्माण कार्य प्रारंभ

0 नगरोत्थान योजना अंतर्गत खम्हारडीह होगा में 23 करोड़ 38 लाख की लागत से 25 लाख लीटर क्षमता की नवीन पानी टंकी व पाइप लाइन का निर्माण

0 सार्वजनिक जल आपूर्ति योजना के प्रभावी संचालन के लिए जल बोर्ड को प्रशासकीय व तकनीकी सक्षमता प्रदान की जाएगी

0 लाभांडी व फुंडहर क्षेत्र में 45 करोड़ 33 लाख की लागत से पेयजल योजना के विस्तार व सुदृढ़ीकरण के अंतर्गत बिछेगी पाइप लाइन

0 महराजबंध तालाब, खो-खो व नरैया तालाब में होगा एस.टी.पी. का संचालन के लिए 1 करोड़ का प्रावधान

0 सड्ढू में पानी टंकी निर्माण (4500 किलो लीटर क्षमता, 25 मीटर स्टेजिंग, राइजिंग लाइन, डिस्ट्रीब्यूशन एवं स्काडा सिस्टम सहित) कार्य हेतु 38 करोड़ 93 लाख का प्रावधान

0 मोवा में पिछले परिषद के कार्यकाल में निर्मित “लेडिज गारमेंट फैक्ट्री” का संचालन इस वित्तीय वर्ष में होगा शुरू

0 उत्कृष्ट कार्य करने वाली स्व-सहायता समूहों को “अमृत मित्र” योजना से जोड़कर सक्षम व स्वावलंबी बनाने की दिशा में पहल

0 महापौर क्रिकेट लीग की तर्ज पर वार्ड व शहर स्तर पर हर आयु वर्ग के लिए होगीं विभिन्न खेल गतिविधियां

0 जल जनित एवं संक्रामक बीमारियों के रोकथाम व आपात स्थितियों से निपटने हेतु मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला रायपुर के समन्वय से होगी काम्बैट टीम गठित

0 सिटी सेनिटेशन वेस्ट के सुचारू, वैज्ञानिक और कुशल परिवहन हेतु 13 करोड़ 50 लाख की लागत से 300 टीपीडी क्षमता के आधुनिक सेकेंडरी कलेक्शन व ट्रांसफर स्टेशन का होगा निर्माण

0 विभिन्न धार्मिक स्थलों से फूल एवं निर्माल्य एकत्रित करने रायपुर में निर्माल्य रथ का होगा संचालन

0 रायपुर शहर के वृद्धजनों के लिए पार्क एवं सार्वजनिक स्थलों पर बैठने के लिए विशेष बैंच लगाए जाएंगे। वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य जांच के लिए फ्री हेल्थ चेकअप कैम्प लगाए जाएंगे। इनके अलावा नगर निगम के कार्यालयों में वरिष्ठ नागरिक की सहायता एवं उन्हें प्राथमिकता देने के लिए पृथक काउंटर/खिड़की की व्यवस्था की जाएगी

0 नगर निगम के बाजारों, परिसरों, दुकानों के आबंटन की प्रक्रिया सुगम की जाएगी

015वें वित्त आयोग के अंतर्गत रायपुर के उद्यानों एवं शहर की हरियाली के संरक्षण हेतु 98 लाख का प्रावधान

0 नगर निगम द्वारा रेंटल गार्डन योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत शहर की नर्सरी, पौधा विक्रेता एवं गार्डनिंग से जुड़े उद्यमियों को नगर निगम के चयनित उद्यानों में निर्धारित स्थान किराया पर उपलब्ध कराया जाएगा

0 वृद्धजनों के लिए विभिन्न उद्यानों में निर्मित बापू की कुटिया के संचालन हेतु स्वयंसेवी संस्थाओं को किया जाएगा प्रेरित

0 तृतीय लिंग समुदाय को समाज की मुख्य धारा से जोड़ने प्रशिक्षण व मेंटल हेल्थ अवेयरनेस कार्यक्रम में नगर निगम होगा सहायक

0 रायपुर के युवाओं को उनके सृजनात्मकता व उन्नत कौशल से जुड़े योगदान के लिए दिया जाएगा “रायपुर युवा रत्न” सम्मान

0 सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने व स्थानीय कलाकारों, शिल्पकारों व सांस्कृतिक समूहों को मंच प्रदान करने नगर निगम व्दारा समय-समय पर सांस्कृतिक आयोजन किए जाएंगे, जिसमें हस्तशिल्प, लोक कला, संगीत-नृत्य महोत्सव जैसी गतिविधियों का समावेश होगा

0 अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों के त्वरित निराकरण, अधिकारी-कर्मचारियों को पदोन्नति, समयमान वेतनमान का लाभ समय सीमा पर मिले, इस दिशा में कार्यवाही की जाएगी। नवीन पद संरचना हेतु शासन को प्रस्ताव प्रेषित किए जाएंगे

0 जनप्रतिनिधियों से विचार-विमर्श कर वेंडिंग जोन तैयार किए जाएंगे

…………………………………………………

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *