मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता बृजमोहन अग्रवाल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर निर्माण के स्थान पर सड़क चौड़ीकरण की स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है।
बृजमोहन अग्रवाल ने पत्र में लिखा है कि यह मार्ग शहर के मध्य स्थित अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यस्ततम क्षेत्र है। यहां घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों के कारण यातायात का अत्यधिक दबाव बना रहता है। उन्होंने कहा कि पूर्व में मुख्यमंत्री स्वयं इस मार्ग के चौड़ीकरण के पक्ष में निर्णय ले चुके हैं, लेकिन वर्तमान बजट में फ्लाईओवर निर्माण की घोषणा से आमजन में असंतोष व्याप्त है। अग्रवाल ने कहा कि मात्र 600-700 मीटर का यह हिस्सा ही जी.ई. रोड का ऐसा भाग है, जो अब तक चौड़ीकरण से वंचित है और वर्तमान में “बॉटलनेक” बनकर पूरे शहर के यातायात को प्रभावित कर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि संकीर्ण और घनी आबादी वाले इस क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण न केवल अप्रभावी सिद्ध होगा, बल्कि स्थानीय व्यापार एवं संरचना पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालेगा। अग्रवाल ने अपने पत्र में यह भी उल्लेख किया कि सड़क चौड़ीकरण की मांग वर्षों से की जा रही है और इसे नगरीय निकाय चुनाव 2025 के “अटल विश्वास पत्र” में भी शामिल किया गया था। इसके बावजूद अब तक इस दिशा में ठोस कार्यवाही नहीं हो पाई है, जो चिंता का विषय है।
अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए फ्लाईओवर निर्माण के निर्णय पर पुनर्विचार कर शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक सड़क चौड़ीकरण के कार्य को प्राथमिकता दी जाए, ताकि राजधानीवासियों को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात की सुविधा मिल सके।

