मिसाल न्यूज़
10 अप्रैल को बड़े पैमाने पर रिलीज़ होने जा रही छत्तीसगढ़ी फ़िल्म ‘मया दे दे मयारू- 2’ को लेकर एक्ट्रेस दीक्षा जायसवाल काफ़ी उत्साहित हैं। दीक्षा कहती हैं- “मया दे दे मयारू पार्ट- 1 काफ़ी सक्सेस रही थी और यह नाम ही अपने आप में ब्रांड है। फ़िल्म मेकिंग के दौरान ‘मयारू- 2’ की पूरी टीम ने जमकर मेहनत की है। एक्जाम हो चुका अब रिज़ल्ट पब्लिक देगी।“

हाल ही में ‘मिसाल न्यूज़’ की दीक्षा जायसवाल से जो बातचीत हुई उसेक मुख्य अंश यहां प्रस्तुत हैं-
0 ‘मया दे दे मयारू- 2’ का एक्सपीरियेन्स कैसा रहा…
00 बहुत अच्छा। गर्मी, बरसात व ठंड तीनों मौसम में शूट चला। ओड़िशा के काफ़ी अनुभवी डीओपी, फाइट मास्टर व कोरियोग्राफर इस फ़िल्म का हिस्सा बने। फिर फ़िल्म के दोनों डायरेक्टर प्रेम चंद्राकर जी व भूपेन्द्र साहू जी के साथ फ़िल्म करना मेरा सौभाग्य है।
0 आपने दोनों डायरेक्टर का ज़िक्र किया, इनके निर्देशन में काम करने का क्या ख़ास अनुभव रहा…
00 छोटे से छोटे करैक्टर से काम कैसे लेना है प्रेम सर व भूपेन्द्र सर को ये बख़ूबी आता है। उनके व्दारा लिए गए हर शॉट में गहराई होती है। फ़िल्म कब पूरी हो गई पता ही नहीं चला।
0 आपकी जोड़ी लक्षित झांझी के साथ देखने मिलेगी। उनके साथ कैसा तालमेल रहा…
00 लक्षित के अपोज़िट काम करने का यह पहला मौका है। उनके साथ ऑन स्क्रीन व ऑफ स्क्रीन अच्छी बांडिंग रही। एक्टिंग व डॉस दोनों में वो प्रभाव छोड़ते हैं। कैमरे के सामने जाने से पहले हम अपने सीन की अच्छी तरह रिहर्सल कर लिया करते थे।
0 फ़िल्म का गीत-संगीत तो यू ट्यूब पर काफ़ी दौड़ रहा है…
00 गीत प्रेम सर व भूपेन्द्र सर दोनों ने मिलकर लिखे हैं। संगीत भी उन्हीं दोनों का है। गीतों में नया व पुराना तड़का है। यही कारण है कि फ़िल्म के गाने हर उम्र के लोगों को पसंद आ रहे हैं। ‘मया दे दे मयारू- 2’ का संगीत लंबे समय तक लोगों की ज़ुबान पर रहेगा।
0 10 अप्रैल को जब यह फ़िल्म पर्दे पर होगी, सिनेमा हॉल के भीतर दर्शकों वाला सीन कैसा हो सकता है…
00 गानों पर दर्शक तो झुमेंगे ही, ख़ूबसूरत लोकेशनों पर फ़िल्माए गए सीन आंखों को काफ़ी सुकून देंगे। छत्तीसगढ़ के अलावा ओड़िशा जाकर कटक व पुरी में भी कुछ ख़ूबसूरत दृश्य फ़िल्माए गए हैं।

