नगर निगम की सामान्य सभा…. लाखे नगर चौक में शहीद आकाश गिरेपुंजे की प्रतिमा स्थापना पर लगी मुहर…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम की सामान्य सभा में आज नक्सली ईआईडी में शहीद हुए पुलिस अफसर आकाश राव गिरेपुंजे की प्रतिमा लाखे नगर चौक में स्थापित करने पर मुहर लगी।

उल्लेखनीय है कि नगर निगम की बजट की सामान्य सभा 30 मार्च को हुई थी। 30 मार्च की सभा में चर्चा काफ़ी लंबी खींच जाने के कारण सदन की कार्यवाही 10 अप्रैल तक के लिए स्थगित कर दी गई थी। आज सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु होते ही सबसे पहले प्रतिमा अनावरण का एजेंडा आया। एमआईसी सदस्य मनोज वर्मा ने कहा कि कई बार प्रतिमा के लगाने या चौक के नामकरण पर भी विवाद की स्थिति बन जाती है। निगम के अफसरों को ध्यान में रहना चाहिए कि ऐसी स्थिति नहीं आने पाए। सभापति सूर्यकांत राठौर ने कहा कि संबंधित विभाग के माध्यम से फाइल दस्तखत के लिए महापौर के पास जाती है। फिर वहां से मेयर इन कौंसिल की बैठक में जाती है। जितनी ज़िम्मेदारी अधिकारियों की बनती है उतनी सत्ता पक्ष की भी बनती है। निगम के जन प्रतिनिधि व अधिकारी सायकल के दो पहिये हैं।

नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने कहा कि प्रतिमा अनावरण से संबंधित विषय जो यहां लाया गया उसका स्वागत है। आकाश गिरेपुंजे ने देश की सूरक्षा के लिए अपने प्राणों की आहूति दे दी। लाखे नगर में रहकर उनकी शिक्षा दीक्षा हुई। लाखे नगर चौक में जहां स्व. आकाश गिरेपुंजे की प्रतिमा स्थापित होना है वहां पहले से एसआईआर फंड से चबूतरा बना हुआ है। वहां पर मोर भी कलाकृति भी स्थापित है। स्व. आकाश की प्रतिमा स्थापित करते समय ध्यान रखा जाए कि उनके परिवार की भावनाएं आहत न हों।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि आकाश गिरेपुंजे की शहादत को नमन है। नेता प्रतिपक्ष ने यहां मोर की कलाकृति लगे होने का ज़िक्र किया। मोर शांति व प्रकृति का प्रतीक है। मोर राष्ट्रीय पक्षी है। यहां शांति के प्रतीक व शहादत का सम्मान एक जगह पर होने जा रहा है। शहीद आकाश का स्थान राजनीति से ऊपर है। राष्ट्र के इस गौरव को बहस का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।

विस्तृत चर्चा के बाद लाखे नगर चौक पर शहीद आकाश गिरेपुंजे का प्रतिमा स्थापित करने का एजेंडा सर्वसम्मति से पास हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *