पानी के मुद्दे पर महापौर ने ली बैठक… कहा- “त्वरित समाधान न निकले तो टैंकर दौड़ाएं”

मिसाल न्यूज़

रायपुर।  महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने पुनः दोहराया कि गर्मी में नगरवासियों को जल उपलब्ध कराना नगर निगम का दायित्व है। दायित्व का निर्वहन अच्छी तरह करना है। टैंकरों से आवश्यकतानुसार नगरवासियों को जल आपूर्ति करवाई जाए। जल संकट ग्रस्त वार्डों में आवश्यक होने पर टुल्लू पम्पों की जप्ती करें।

महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने आज निगम कमिश्नर विश्वदीप एवं जल कार्य विभाग अध्यक्ष (एमआईसी मेंबर) संतोष साहू की उपस्थिति में पानी के मुद्दे पर बैठक ली। महापौर ने निर्देश दिए कि किसी भी क्षेत्र में जल की समस्या आने पर उस स्थल का तत्काल जल बोर्ड के अधिकारियों सहित जोन के अधिकारीगण निरीक्षण करें और समस्या का त्वरित समाधान करें। यदि जल समस्या का त्वरित समाधान नहीं हो सके तो टैंकर से वहाँ के लोगों को जल आपूर्ति करवाना सुनिश्चित करें।

निगम कमिश्नर विश्वदीप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी जोन अधिकारी प्रतिदिन सभी टंकियों में प्रतिदिन जल का पूर्ण भराव करवाना मॉनिटरिंग करके सुनिश्चित करें। जहां भी व्यवहारिक समस्या हो और जल की आवश्यकता हो उसकी मांग से तत्काल सम्बंधित जोन कमिश्नर को अवगत करवाएं, ताकि आवश्यकतानुसार राशि जारी कर त्वरित समस्या निदान किया जा सके। निगम कमिश्नर ने कहा कि  सुगम जलआपूर्ति हेतु धन की कमी नहीं है। सभी जोन अधिकारी पानी को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखें।

बैठक में अपर कमिश्नर व्दय लोकेश्वर साहू व विनोद पाण्डेय, मुख्य अभियंता संजय बागड़े, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, कार्यपालन अभियंता (जल) नरसिंह फरेन्द्र, सभी जोन कमिश्नर, कार्यपालन-सहायक-व उप अभियंतागण मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *