प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों को ‘स्मार्ट बाजार’ बनाने ‘कैट’ की महापौर के साथ बैठक… नवीन फुटकर बाजारों के विकास पर जोर…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजधानी रायपुर के प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों को ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने के विषय पर देश के सबसे बड़े व्यापारिक संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स के पदाधिकारियों  की नगर निगम मुख्यलाय  में महापौर श्रीमती मीनल चौबे के साथ बैठक हुई। कैट (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने महापौर के समक्ष सूझाव रखा कि रायपुर की बढ़ती आबादी एवं व्यापारिक गतिविधियों को देखते हुए नवीन फुटकर बाजारों का सुव्यवस्थित विकास किया जाए, जिससे छोटे व्यापारियों को उचित स्थान मिल सके और शहर के प्रमुख बाजारों पर यातायात का दबाव कम हो सके।

बैठक में रायपुर शहर के बाजारों की मूलभूत सुविधाओं एवं व्यापारियों तथा आम नागरिकों से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा हुई।  CAIT की ओर से पूर्व में प्रस्तुत ज्ञापन में रायपुर के बाजारों में बेहतर सड़क एवं जल निकासी व्यवस्था, सुव्यवस्थित यातायात एवं पार्किंग, अग्निशमन व्यवस्था, CCTV कैमरों के माध्यम से सुरक्षा, बिजली के खुले तारों को व्यवस्थित करने, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, हाईमास्ट लाइट तथा पुरुष एवं महिला शौचालयों की सुविधा उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर जोर दिया गया। CAIT ने सूझाव रखा कि  शहर की परिवहन व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए सुव्यवस्थित ट्रांसपोर्ट नगर विकसित किया जाए, जहां ट्रक पार्किंग, धर्मकांटा, गैराज, बॉडी शॉप, वेयरहाउस, होटल, ढाबे एवं पेट्रोल पंप जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों।

बैठक में CAIT के राष्ट्रीय वाइस चेयरमेन अमर पारवानी ने कहा कि रायपुर तेजी से आधुनिक महानगर के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में शहर के बाजारों को भी आधुनिक मूलभूत सुविधाओं से जोड़ना समय की आवश्यकता है। हमारा उद्देश्य केवल व्यापारियों की सुविधा नहीं, बल्कि बाजारों में आने वाले लाखों नागरिकों एवं ग्राहकों के लिए भी स्वच्छ, सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण तैयार करना है। ‘स्मार्ट बाजार’ की अवधारणा रायपुर के व्यापारिक विकास को नई दिशा दे सकती है। CAIT रायपुर के बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने के लिए नगर निगम के साथ मिलकर सकारात्मक भूमिका निभाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पीएम का छोटे व मध्यम व्यापारियों

को मजबूत बनाने पर जोर- महापौर

कैट पदाधिकारियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुनने के  बाद महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के पारंपरिक बाजारों, स्थानीय व्यापार तथा छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को सशक्त बनाने और ‘वोकल फॉर लोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने पर निरंतर जोर दिया है। इसी सोच के अनुरूप हमारे पारंपरिक बाजारों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ते हुए उनकी पहचान, विरासत और व्यापारिक महत्व को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। महापौर ने कहा कि CAIT द्वारा रायपुर के पारंपरिक एवं प्रमुख बाजारों को ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने को लेकर रखे गए सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण एवं व्यवहारिक हैं। नगर निगम और CAIT मिलकर इस दिशा में आगे कार्य करेंगे। हमारा प्रयास रहेगा कि रायपुर के पारंपरिक बाजारों को आधुनिक, सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधाजनक स्वरूप दिया जाए, ताकि व्यापारियों के साथ-साथ बाजारों में आने वाले नागरिकों और ग्राहकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

CAIT के प्रदेश अध्यक्ष परमानंद जैन ने विश्वास व्यक्त किया कि नगर निगम के सहयोग से रायपुर के पारंपरिक एवं प्रमुख बाजारों को स्वच्छ, सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं व्यापार-अनुकूल ‘स्मार्ट बाजार’ के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम आगे बढ़ेंगे। इससे व्यापारियों को बेहतर वातावरण मिलने के साथ-साथ नागरिकों की सुविधाएं भी बढ़ेंगी और रायपुर शहर के विकास को नई गति मिलेगी।

महापौर से चर्चा के दौरान जितेन्द्र दोशी, विक्रम सिंहदेव, सुरिन्दर सिंह, जीवत बजाज, अवनीत सिंह, विजय पटेल, राजेन्द्र जग्गी, वासु माखीजा, राम मंधान, भरत जैन, राकेश ओचवानी, शंकर बजाज, दीपक विधानी, कन्हैया गुप्ता, प्रेम पाहुजा, गोविंद माहेश्वरी, बलराम रोहरा एवं कुशल रोहरा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *