मिसाल न्यूज़
रायपुर। कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के नेशनल वाइस चेयरमेन एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के सदस्य अमर पारवानी ने आज विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा से मुलाकात कर प्रमुख व्यापारिक क्षेत्रों में व्यापारियों से जुड़ी समस्याओं एवं जनसुविधाओं जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
अमर पारवानी ने कहा कि निगम कमिश्नर से मुलाकात का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों की समस्याओं को प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करना तथा आपसी समन्वय एवं संवाद के माध्यम से उनके व्यावहारिक समाधान का मार्ग प्रशस्त करना था। विभिन्न व्यापारिक संगठनों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं से निगम कमिश्नर को अवगत कराया।
रवि भवन व्यापारी संघ
रवि भवन व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने शिकायत में कहा कि जयस्तंभ चौक के समीप स्थित मल्टीलेवल पार्किंग के शुल्क में दो गुना से अधिक की वृद्धि कर दी गई है। इससे व्यापारियों एवं ग्राहकों दोनों परेशानी हो रही है। साथ ही पार्किंग परिसर में सीसीटीवी कैमरे एवं लिफ्ट में खराबी है।
एम.जी. रोड व्यापारी संघ
महात्मा गांधी रोड व्यापारी विकास संघ (एमजी रोड) से जुड़े व्यापारियों ने शिकायत में कहा कि खुली दुकानों के सामने चौपाटी संचालित होने जैसी स्थिति बन गई है। बेतरतीब पार्किंग के कारण व्यापारिक गतिविधियों में बाधाएं आ रही हैं।
इंटर स्टेट बस टर्मिनल (ISBT)
भाठागांव व्यापारी संघ
ISBT भाठागांव में विस्थापन के तहत आवंटित दुकानों के व्यापारियों ने शिकायत में कहा कि निगम के अधिकारी बेवजह बार-बार परेशान करते हैं।
लालपुर व्यापारी संघ
लालपुर व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग क्षेत्र में जलभराव, गंदगी तथा सड़क दुर्घटनाओं से जुड़े गंभीर विषयों को उठाया। उन्होंने जल निकासी व्यवस्था में सुधार, नियमित साफ-सफाई तथा सड़क सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
अमर पारवानी ने बताया कि नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने सभी व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर सकारात्मक कार्यवाही का आश्वासन दिया। उन्होंने व्यापारिक क्षेत्रों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में नगर निगम की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। कैट ने निगम कमिश्नर द्वारा व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने एवं सहयोगात्मक रुख अपनाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा आशा जताई कि उठाए गए विषयों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी।
नगर निगम कमिश्नर से मुलाकात के दौरान मुख्य रूप से अमर पारवानी, परमानन्द जैन, सुरिन्दर सिंह, अवनीत सिंह, भरत जैन, जय नानवानी, कैलाश खेमानी, संजय जादवानी, मोहम्मद सोहेल सेठी, हिमांशु वर्मा, विक्रम केवलानी, आनन्द क्षत्री, ठाकुर दास लुल्ला, नदीम एवं विकास सिपानी उपस्थित थे।

