अंततः जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर ने अपने ही जोन दफ्तर में लगा ही दिया ताला… स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष के पति भी आंदोलन में कूदे…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व घोषणानुसार आज नगर निगम के जोन 8 अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर ने आज अपने ही जोन दफ्तर में ताला लगाकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस आंदोलन में जोन 8 क्षेत्र के अन्य 5 पार्षद भी सहभागी बने। मुद्दा स्ट्रीट लाइट नहीं लगने, रामकी कंपनी की मनमानी के कारण डोर टू डोर कचरा कलेक्शन नियमित रुप से नहीं होने तथा पेयजल आपूर्ति में बार-बार अवरोध था। उल्लेखनीय यह है कि नगर निगम की स्वास्थ्य विभाग (एमआईसी) की अध्यक्ष श्रीमती गायत्री चंद्राकर के पति सुनील चंद्राकर भी इस आंदोलन में कूद पड़े। सुनील खुद पूर्व में पार्षद रह चुके हैं।

जोन 8 दफ्तर में कामकाज शुरु होते ही जोन अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर अन्य पार्षदगण संदीप साहू, भगत राम हरबंश, महेंद्र औसर, अमन ठाकुर एवं अरुण यादव तथा पूर्व पार्षद सुनील चंद्राकर के चंद्राकर के साथ पहुंचे। नारेबाजी करते हुए जोन 8 दफ्तर के दोनों ही गेट पर ताला जड़ दिया। धरना प्रदर्शन की जानकारी मिलने पर अपर कमिश्नर व्दय लोकेश्वर साहू व विनोद पांडे तथा जल बोर्ड के सदस्य (अधीक्षण अभियंता) राजेश  राठौर प्रदर्शनकारी पार्षदों से चर्चा करने पहुंचे। अफसरों ने मोबाइल पर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा से पार्षदों की बात भी कराई। निगम कमिश्नर ने पार्षदों को आश्वस्त किया कि त्यौहार निपटते ही तीनों मुद्दों पर वे उनसे अलग से बैठकर चर्चा करेंगे।

जोन अध्यक्ष प्रीतम ठाकुर ने एक प्रेस नोट जारी कर कहा कि छह घंटे तक धरना आंदोलन चला। मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी किए जाने के कारण आज तालाबंदी के लिए मजबूर होना पड़ा। पार्षद निधि की राशि देने के बाद भी पिछले 5 महीनों में वार्डों में स्ट्रीट लाइटें नहीं लग पाई हैं। दीपावली जैसे त्यौहार में वार्डो मे अंधेरा है। विकास शुल्क के पैसे से वार्डों मे रोड नाली पुलिया का काम नहीं हो पा रहा है। रामकी कंपनी की गाड़ियां कितने ही स्थानों पर तीन दिनों तक डोर तू डोर कचरा कलेक्शन नहीं की। जोन 8 के अधिकांश स्थानों पर कचरे का ढेर लगा हुआ है। गाड़ियां नहीं आने के कारण नालियों में कचरा फेंका जा रहा है। संबंधित अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी दीपावली जैसे त्यौहार में रामकी कंपनी की गाड़ियों की संख्या बढ़ने की बजाए खराब गाड़ियों से काम हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *