नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण की गति धीमी होने पर भड़के मूणत…

​मिसाल न्यूज़

​रायपुर। विधायक  राजेश  मूणत ने आज अपने रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में दो प्रमुख निर्माणाधीन शैक्षणिक परिसरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने कोटा नवीन महाविद्यालय भवन का निर्माण मार्च 2027 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए। नालंदा लाइब्रेरी के निर्माण की गति धीमी होने पर विधायक ने अधिकारियों को फटकार लगाई।

राजेश मूणत ने सर्वप्रथम कोटा स्थित राम दरबार के समीप 4 करोड़ 65 लाख रुपये की लागत से निर्माणाधीन शासकीय नवीन महाविद्यालय भवन का निरीक्षण किया। निर्माण कार्य की वर्तमान प्रगति और गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने अधिकारियों को मार्च 2027 तक कार्य पूर्ण कर भवन हैंड ओवर करने के निर्देश दिए। भवन के भूतल पर आकर्षक पोर्च, प्रवेश लॉबी, स्टाफ रूम, कंप्यूटर लैब, भौतिकी (फिजिक्स) लैब, रसायन शास्त्र लैब, लाइब्रेरी, डार्क रूम, परीक्षा नियंत्रण कक्ष, स्टोर रूम, प्राचार्य कक्ष, उप-प्राचार्य कक्ष, रजिस्ट्रार कंट्रोल कार्यालय, सामान्य प्रशासन कक्ष तथा दिव्यांग विद्यार्थियों की सुगम आवाजाही के लिए विशेष रैंप तैयार किया जा रहा है। ​प्रथम तल पर आधुनिक क्लासरूम, भूविज्ञान प्रयोगशाला, प्राणी विज्ञान प्रयोगशाला एवं प्रबंधन कक्ष आदि का सिविल कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है।इस नवीन महाविद्यालय भवन के तैयार होने से कोटा, गुढ़ियारी, भारत माता चौक और आसपास की बस्तियों के हजारों छात्र-छात्राओं को अपने ही क्षेत्र में विज्ञान, कला और वाणिज्य संकायों में उच्च शिक्षा प्राप्त करने की सुलभ सुविधा मिल सकेगी।

​निरीक्षण के अगले चरण में मूणत ने 22 करोड़ की लागत से निर्मित हो रही ‘नालंदा लाइब्रेरी’ के निर्माण कार्यों का जायजा लिया। कार्य की धीमी गति और निर्धारित कार्ययोजना (वर्क प्रोग्राम) से दो माह पीछे चलने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रति कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए फटकार लगाई। उन्होंने अतिरिक्त संसाधन और श्रमिक लगाकर कार्य में तत्काल तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए।

​यह अत्याधुनिक लाइब्रेरी शहर के हजारों युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं (यूपीएससी, सीजीपीएससी, व्यापम, बैंकिंग, नीट एवं जेईई) की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों के लिए एक प्रमुख शैक्षणिक केंद्र बनेगी। यहां विद्यार्थियों को शांत वातावरण, वाई-फाई युक्त डिजिटल लाइब्रेरी, ई-बुक्स और देर रात तक सुरक्षित अध्ययन करने की आधुनिक सुविधाएं प्राप्त होंगी।

विधायक के निरीक्षण के दौरान नगर निगम लोक निर्माण विभाग अध्यक्ष दीपक जायसवाल, जोन अध्यक्ष श्वेता विश्वकर्मा, पार्षद मीना ठाकुर, नगर निगम अपर कमिश्नर व्दय लोकेश्वर साहू व विनोद पांडे, अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर एवं अभियंता अर्जिता दीवान मौजूद थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *