मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर नगर निगम द्वारा आज “बर्न कैलोरीज, नॉट फ्यूल – ए हेरिटेज साइक्लिंग टूर ऑफ रायपुर” का आयोजन किया गया। इस अनूठी पहल के माध्यम से शहर की समृद्ध सांस्कृतिक एवं स्थापत्य विरासत के संरक्षण, स्वच्छ वायु को प्रोत्साहित करने और नागरिकों में स्वस्थ जीवन शैली विकसित करने का संदेश एक दिया गया।

कार्यक्रम की शुरुआत निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन से हुई। साइक्लिंग यात्रा तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव होते हुए शहर के हृदय स्थल में स्थित ऐतिहासिक टाउन हॉल पहुंचकर संपन्न हुई। कार्यक्रम में नगर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा, जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा, अपर कमिश्नर (संस्कृति) श्रीमती रुचि शर्मा, डिप्टी कमिश्नर (राजस्व) डॉ. अंजलि शर्मा, जोन 4 कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी सहित नागरिकगण शामिल हुए।
इस आयोजन का एक प्रमुख उद्देश्य नागरिकों को शारीरिक फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना भी रहा। नियमित साइकिलिंग से शारीरिक सक्रियता, हृदय स्वास्थ्य, सहनशक्ति और मांसपेशियों की क्षमता में सुधार होता है। यह वजन को नियंत्रित रखने और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को कम करने में भी सहायक है। साइकिलिंग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाकर नागरिक न केवल अपने स्वास्थ्य को बेहतर बना सकते हैं, बल्कि ईंधन आधारित वाहनों पर निर्भरता कम करके वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने में भी योगदान दे सकते हैं। इस प्रकार यह पहल व्यक्तिगत स्वास्थ्य और सामूहिक पर्यावरण संरक्षण के बीच एक सकारात्मक संबंध स्थापित करती है।
जीरो वेस्ट पर आधारित
यह कार्यक्रम जीरो वेस्ट की अवधारणा पर आधारित रहा। आयोजन में सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रखा गया तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से जिम्मेदार उपभोग, कचरे के उचित प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नागरिकों को जागरूक किया गया।
टाउन हॉल में कार्यक्रम के समापन अवसर पर निगम कमिश्नर संबित मिश्रा ने जोन 4 अध्यक्ष मुरली शर्मा सहित साइक्लिंग यात्रा में शामिल प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर प्रोत्साहित किया।

