छत्तीसगढ़ में भाजपा के सारे बड़े चेहरे ताले में बंद, मजबूरी में मोदी का चेहरा सामने लाकर लड़ा जा रहा चुनाव- राजीव शुक्ला

मिसाल न्यूज़

रायपुर। कांग्रेस राज्यसभा सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भाजपा के बड़े चेहरे तो मानो ताले में बंद हो गए हैं। भाजपा मजबूरी में यहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के चेहरे पर चुनाव लड़ रही है। इससे पहले भाजपा हिमाचल प्रदेश,पश्चिम बंगाल एवं कर्नाटक में भी मोदी के चेहरे को सामने रखकर चुनाव लड़ी थी। नतीजा क्या रहा ये सभी जानते हैं। मोदी ने जो कहा कभी उसे पूरा नहीं किया।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में राजीव शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर को अंतिम चरण का मतदान होना है। पहले चरण में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की स्थिति मजबूत है और दूसरे चरण में इससे भी ज्यादा मजबूत स्थिति रहेगी ऐसी खबरें और रिपोर्ट आ रही हैं। भाजपा का दुष्प्रचार कर्नाटक,  हिमाचल प्रदेश एवं पश्चिम बंगाल कहीं भी नहीं चला। इन राज्यों में मतदाताओं ने स्थानीय मुद्दों के आधार पर वोट दिया। मोदी जी ने हर साल दो करोड़ लोगों को नौकरी देने की बात कही थी। इस तरह अब तक 19 करोड़ लोगों को नौकरी मिल जानी चाहिए थी। सच यह है कि 19 लाख लोगों को भी नौकरी नही मिली। कहा गया था कि प्रति लीटर 30 रुपये में डीजल एवं 40 रुपये में पेट्रोल देंगे। आज डीजल-पेट्रोल सौ के पार चला गया। कहा था हवाई चप्पल वालों को हवाई यात्रा कराएंगे। इधर, दिल्ली की एयर टिकट दस हजार से नीचे नहीं है। लाल किले से मोदी जी ने जो वादा किया था कि 2022 तक एक भी व्यक्ति ऐसा नहीं होगा जिसका घर पक्का नहीं होगा और उसकी छत की सीमेंट की नहीं होगी, यह भी पूरा नहीं हुआ। एक सर के बदले 10 सर लायेंगे कहा था वो भी वादा पूरा नहीं किया। कहा था 15-15 लाख हर एक के खाते में आयेंगे वो भी नहीं आया। कहा था 100 दिन में महंगाई कम होगी जो आज 75 साल के इतिहास में सबसे ज्यादा है। इतनी महंगाई किसी भी सरकार में नहीं हुई जो भाजपा के सरकार में महंगाई बढ़ी। 2022 में किसानों की आय दुगुनी हो जायेगी बोले थे, नहीं हुआ। उल्टे खाद की कीमत दुगुनी हो गई। इधर, 2013 में छत्तीसगढ़ में भाजपा ने वादा किया था 2100 रू. में धान खरीदेंगे और 300 रुपये बोनस देंगे, नहीं दिया। पिछली बार जब छत्तीसगढ़ में जब कांग्रेस की सरकार बनी, शपथ लेते ही मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने किसानों का कर्जा माफ किया। छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों से वादा था ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करेंगे, जो कि पूरा हुआ। कांग्रेस जो भी वादा करती है उसको पूरा करती है। केन्द्र में जब कांग्रेस की सरकार थी गांव की अर्थव्यवस्था सुधारने मनरेगा का काम शुरू हुआ। इस बार के चुनाव में कांग्रेस के घोषणा पत्र में वादा है कि 200 यूनिट तक फ्री बिजली का लाभ प्रदेश के लगभग 50 लाख परिवारों को मिलेगा। सरकारी स्कूल-कॉलेजों में केजी से लेकर पीजी तक सभी वर्ग के लोगों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे प्रदेश के हर वर्ग के लोगों का शिक्षा पर होने वाला खर्च बचेगा। अभी तक गरीबी रेखा के नीचे के लोगों को 5 लाख तक मुफ्त ईलाज मिलता था तथा अन्य वर्ग के लोगों के लिए 50 हजार तक ईलाज की सुविधा थी। कांग्रेस की सरकार बनने पर गरीबी रेखा के नीचे वालों को 10 लाख तक तथा अन्य सभी वर्ग के लोगों को 5 लाख तक ईलाज की मुफ्त सुविधा दी जायेगी। छत्तीसगढ़ देश का अकेला ऐसा प्रदेश होगा जहां मेडिकल, इंजीनियरिंग तथा आईटीआई की शिक्षा भी मुफ्त होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *