कांग्रेस के घोषणा पत्र पर जनता का भरोसा- मोहम्मद अकबर

मिसाल न्यूज़

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार के मंत्री मोहम्मद अकबर ने कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र में किये गये वायदों को जनता गंभीरता से लेते हुए उस पर पूरा भरोसा करती है। जनता जानती है कांग्रेस का घोषणा पत्र विजन डाक्यूमेंट होता है।

राजीव भवन में आज पत्रकार वार्ता में मोहम्मद अकबर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव चल रहा है। 20 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव हो चुके हैं। बाकी विधानसभा क्षेत्रों के चुनाव के लिये 17 नवंबर मतदान किया जायेगा। कांग्रेस पार्टी को 2018 में घोषणा पत्र के जरिये 68 विधानसभा सीटों में जीत हासिल हुई थी। पिछली बार के घोषणा पत्र में जो वायदा किया गया था उनमें से अधिकांश वायदे पूरा करने में कांग्रेस पार्टी सफल रही। पिछले घोषणा पत्र में किसान का कर्जा माफ, सभी को राशन कार्ड और 2500 रू. प्रति क्विंटल के हिसाब से धान खरीदी की बात कही गयी थी। कांग्रेस की सरकार बनते ही किसानों का कर्जा माफ किया गया। वायदे के मुताबिक राशन कार्ड दिए गए। भाजपा सरकार के समय में गरीबी रेखा में जिनका नाम था उनको ही राशन कार्ड दिया जाता था और कांग्रेस की सरकार बनते ही सभी को राशन कार्ड बनाकर दिया गया। 74 लाख 54 हजार लोगों के पास राशन कार्ड है। 2018 में जिस तरह किसानों का कर्जा माफ हुआ उसी तरह 2023 में कांग्रेस की सरकार बनते ही फिर से किसानों का कर्जा माफ किया जायेगा। धान का मूल्य न्याय योजना को मिलकार 3200 रू. प्रति क्विंटल के हिसाब से दिया जायेगा। 15 क्विंटल प्रति एकड़ की हिसाब से धान खरीदी की जा रही थी अब 20 क्विंटल प्रति एकड़ की हिसाब से धान की खरीदी की जायेगी। 200 यूनिट तक बिजली फ्री दी जायेगी। हमारे नेता राहुल गांधी कवर्धा की सभा में केजी से पीजी तक फ्री में शिक्षा की घोषणा किए। सरकार बनने पर यह वादा पूरा किया जएगा। गैस सिलेंडर में 500 रू. की सब्सिडी दी जायेगी और वह महिला हितग्राहियों के खाते में सीधा जायेगा। 17.5 लाख गरीब परिवार को हम आवास देंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र 7.5 लाख परिवारों को केंद्र सरकार ने आवास नहीं दिया है। हम उन सभी 7.5 लाख परिवारों और 10 लाख अन्य जरूरतमंद परिवारों को “मुख्यमंत्री आवास न्याय योजना” के तहत आवास देंगे। इसके लिये हमने आर्थिक सर्वेक्षण करवा लिया है।

मोहम्मद अकबर ने कहा कि राजीव गांधी भूमिहीन कृषि मजदूर न्याय योजना के अंतर्गत आने वाले सभी हितग्राहियों को मिलने वाली राशि 7 हजार रूपये से बढ़ाकर 10 हजार रूपये प्रतिवर्ष की जायेगी। डॉ. खूबचंद बघेल स्वास्थ्य सहायता योजना के तहत अब गरीब वर्ग को इलाज के लिये 5 लाख रुपये की बजाय 10 लाख रुपये तक मिलेंगे। साथ ही गरीबी रेखा से ऊपर के लोगों को 50 हजार की बजाय अब 5 लाख रुपये तक की स्वास्थ्य संबंधी सहायता मिल सकेगी।  राज्य के 6000 शासकीय हायर सेकेंड्री एवं हाई स्कूलों को स्वामी आत्मानंद इंग्लिश एवं हिन्दी मीडियम स्कूलों में क्रमशः अपग्रेड करेंगे। फिर से कांग्रेस की सरकार बनते ही महिला स्व-सहायता समूहों तथा महिलाओं द्वारा सक्षम योजनांतर्गत लिये गये ऋण माफ किये जायेंगे। कांग्रेस की सरकार ने गन्ने से लेकर कोदो, कुटकी व रागी के समर्थन मूल्य घोषित किये थे। इस बार सरकार बनते ही राज्य के किसानों से तिवरा को भी समर्थन मूल्य पर खरीदा जायेगा।

मोहम्मद अकबर ने कहा कि महतारी वंदना योजना यह भारतीय जनता पार्टी की ओर से विज्ञापित किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में किसी भी विभाग में इस प्रकार की योजना संचालित नहीं है। दूसरी बात यह है कि यह फार्म कौन से विभाग में जमा किया जायेगा और सक्षम अधिकार कौन है जिसके सामने यह प्रस्तुत किया जावेगा यह फार्म में नहीं लिखा गया है। तीसरी बात यह है कि 20 विधानसभा चुनाव में चुनाव हो चुके हैं उन विधानसभा क्षेत्रों में यह फार्म क्यों नहीं भरवाया जा रहा है?

5 साल में सरकार ने 98 प्रतिशत

वादों को पूरा कर दिखाया- देवांगन

पत्रकार वार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता गिरीश देवांगन ने कहा कि 2018 में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद पहले ही घंटे में घोषणा पत्र को पूरा करना शुरू कर दिया था। लगभग 20 लाख किसानों का लगभग 10 हजार करोड़ कर्ज माफ किया गया। उसके बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने मुख्य सचिव को बुलाकर उन्हें यह सुनिश्चित करने को कहा कि कांग्रेस के घोषणा पत्र के हर वायदे को पूरा करने हेतु कार्य योजना बनाया जाये। इसी का परिणाम था कि पांच साल में भूपेश सरकार ने 36 में से 98 प्रतिशत वायदों को पूरा कर दिखाया। कांग्रेस जो कहती है वह करती है। इस बार भी कांग्रेस का घोषणा पत्र जन आकांक्षाओं को पूरा करने वाला है। 2018 में कांग्रेस ने अपने जन घोषणा पत्र में किसान, आदिवासी, युवाओं, महिलाओं सभी से वायदा किया था और उसको पूरा किया। 2023 में हमारे घोषणा पत्र में हर वर्ग का पूरा ख्याल रखा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *