सुशील आनंद ने उठाया सवाल- “क्या केन्द्र सरकार धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3100 रू. करेगी? इसलिए कि मोदी जी 1 रू. भी ज्यादा देने के विरोधी”

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा वोट लेने के लिये फिर किसानों को ठगना चाहती है। भाजपा ने धान की कीमत 3100 रू. करने की घोषणा की है तो वह बताए कि क्या केन्द्र सरकार धान का समर्थन मूल्य बढ़ाकर 3100 रू. करेगी? इसलिए कि मोदी जी धान की कीमत समर्थन मूल्य से 1 रू. भी ज्यादा देने के विरोधी हैं।

राजीव  भवन में आज पत्रकार वार्ता में सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि छत्तीसगढ़ की कांग्रेस सरकार की ओर से दिए जा रहे  2500 रू. समर्थन मूल्य का केन्द्र सरकार ने विरोध किया था। ऐसे में भाजपा छत्तीसगढ़ में मोदी सरकार के विरोध में जाकर 3100 रू. देने का वायदा कैसे कर रही है यह स्पष्ट करे।2100+300 = 2400 रुपये देने का वायदा 2013 में भी छत्तीसगढ़ की तत्कालीन भाजपा सरकार ने किया था जो कि नहीं दिया। दूसरा बड़ा झूठ 21 क्विंटल धान खरीदने के वायदे का है। पहले 2013 में धान खरीदने की लिमिट घटाकर 15 से 10 क्विंटल कर दिया था। कैसे भरोसा करें कि भाजपा के लोग आपने वायदे पर कायम रहेंगे? किसानों की कर्ज माफी पर तो भाजपा के लोग कुछ बोल ही नहीं पाए हैं। राज्य में भूपेश सरकार 20 क्विंटल धान की खरीदी शुरू कर चुकी है। उसकी नकल में 21 क्विंटल की बात भाजपा कर रही है। जनता हमारे घोषणा पत्र में किए वायदों पर भरोसा करेगी क्योंकि हम जो कहते हैं वो करते हैं। हम धान की कीमत 3200 रू. देंगे और किसानों का कर्जा फिर से माफ होगा।

बघेल की लोकप्रियता को

पचा नहीं पा रही भाजपा

शुक्ला ने कहा कि चुनाव में हारती हुई भाजपा स्तरहीन षडयंत्र पर उतर आई है। भूपेश बघेल छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री हैं। वे छत्तीसगढ़ की संस्कृति खान-पान रीति-रिवाज को संवर्धित कर रहे हैं, उसको आगे बढ़ा रहे हैं तो भाजपा के दिल्ली से आये नेता उनका माखौल उड़ा रहे हैं। भाजपा के दिल्ली के नेता छत्तीसगढ़ की संस्कृति को हिकारत से देखते हैं। रमन सिंह ने उनको छोटा आदमी, चूहा, बिल्ली तक बताकर मजाक उड़ाया था। भाजपा बर्दाश्त नहीं कर पा रही है कि एक छत्तीसगढ़िया मुख्यमंत्री की चर्चा मोदी के बराबर क्यों हो रही है। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के कामों को मोदी के कामों से बेहतर बताया जा रहा है,  इसीलिये भाजपाई गाली गलौज पर उतर आये हैं। यह भाजपा का फासीवादी चरित्र है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री को बदनाम करने षड़यंत्र कर रहे हैं।झूठे आरोप और गाली गलौज पर भाजपा के नेता उतर आए हैं। यह भाजपा की बौखलाहट को दर्शाता है। यह बर्ताव बता रहा कि भाजपा अब कि बार दहाई के अंक तक नहीं पहुंच पाएगी। प्रधानमंत्री ईडी के माध्यम से गलत कार्यवाही करवाकर एक व्यक्ति के बयान का हवाला देकर मुख्यमंत्री की छवि खराब करने षड्यंत्र पूर्वक प्रेस नोट जारी करवाते हैं, फिर उसी आधार पर झूठा भाषण देते हैं। जिस ड्राइवर के कथित बयान पर मुख्यमंत्री की छवि खराब करने की कोशिश की गई उसने कोर्ट में बयान देकर ईडी और भाजपा के षड़यंत्र का खुलासा कर दिया है। अब प्रधानमंत्री में नैतिकता बची हो तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से माफी मांगें।

मोदी की गारंटी की

कोई गारंटी नहीं

शुक्ला ने कहा कि मोदी की गारंटी की कोई गारंटी नहीं है। मोदी 15 लाख देने का वायदा भूल गये। 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वायदा भूल गए। 100 दिन में महंगाई कम करने का वायदा भूल गए। किसानों की आय दुगुनी करने के वायदे आज तक पूरे नहीं हुए। 500 में सिलेंडर देने की भाजपा के लोगों की बात भी धोखा है। इनकी केन्द्र सरकार ने सिलेंडर के दाम 400 से बढ़ाकर 1000 के ऊपर किया। अब ये 500 में सिलेंडर देने की बात कर रहे हैं। भाजपा सिर्फ बीपीएल (गरीबी रेखा के नीचे) को गैस सिलेंडर देगी। वहीं कांग्रेस ने हर वर्ग को बिना भेदभाव के 500 रू. सब्सिडी देने की बात कही है मतलब सिर्फ 470 रुपये में सिलेंडर मिलेगा। कांग्रेस ने 17.5 लाख आवास देने का वायदा किया तो भाजपा नकल करके 18 लाख आवास देने की बात कर रही है। छत्तीसगढ़ में भाजपा के 15 साल के शासनकाल में सरकारी नौकरी के द्वार बंद कर दिए गए थे, अब नौकरी देने का झूठा वायदा कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ने 10 लाख तक ईलाज का वायदा किया है उसकी भी नकल हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *