वकील, सांसद, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष होते हुए उप मुख्यमंत्री पद तक का अरुण साव का सफर…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। साइंस कॉलेज ग्राउंड में आज लोरमी के विधायक अरुण साव ने उप मुख्यमंत्री के रूप में पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।

अरुण साव लगभग 33 साल से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं। उन्होंने वकालत और राजनीति में सक्रिय रूप से हिस्सा लिया है। साव का पैतृक गांव लोहड़िया है और उन्होंने बीकाम एसएनजी कॉलेज मुंगेली से तथा एलएलबी कौशलेंद्र राव विधि महाविद्यालय बिलासपुर से किया है। राजनीतिक जीवन में निरंतर पहचान बनाने के साथ ही वे वकालत में भी सक्रिय रहे। उन्होंने 1996 में सिविल न्यायालय मुंगेली से वकालत आरंभ की। इसके पश्चात् छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर में वकालत आरंभ की। वे छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में उप शासकीय अधिवक्ता, शासकीय अधिवक्ता एवं उप महाधिवक्ता जैसे पदों पर रहे। सत्रहवीं लोकसभा में उन्होंने बिलासपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा और लोकसभा सदस्य बने। लोकसभा में सांसद के रूप में अपने दायित्व का निर्वाह करते हुए उन्होंने अनेक मौकों पर सदन में बिलासपुर जिले की समस्याओं तथा छत्तीसगढ़ की समस्याओं एवं जरूरतों को सदन में रखा। भारतीय जनता पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष रहते हुए अपनी ज़िम्मेदारी का निर्वहन उन्होंने बखूबी किया। इस बार उन्होंने लोरमी से चुनाव लड़ा और जीते। साव साहू समाज से हैं। कृषक परिवार से हैं। उनका जन्म स्वर्गीय अभयराम साव के परिवार में हुआ। वे साहू समाज में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। सार्वजनिक जीवन के अनेक क्षेत्रों में सक्रिय रहे हैं और निरन्तर अपने अनुभवों से सार्वजनिक जीवन में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *