मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर दक्षिण में होने जा रहे विधानसभा उप चुनाव के लिए कल सुनील सोनी का नामांकन होने के बाद आज भाजपा का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन हुआ। सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आप भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी के लिए कमल में बटन दबाएं। आपको एक नहीं दो विधायक मिलेंगे।

मठपारा में पुजारी पार्क में स्थित तत्पर कार्यालय में हुए कार्यकर्ता सम्मेलन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत सांसद बृजमोहन अग्रवाल, मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अजय चंद्राकर, शिवरतन शर्मा सहित सभी भाजपा पदाधिकारियों ने भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी की जीत के लिए जनता से आशीर्वाद मांगा।
कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि देवतुल्य कार्यकर्ता अपने कर्तव्य से कठोर परिश्रम से और पूरी निष्ठा से चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी को जिताने के लिए जुट गए हैं। छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण भाजपा ने किया और राज्य का विकास भाजपा की सरकार ही कर रही है। कांग्रेस पार्टी ने 2018 में जनता से झूठे वादे करके सरकार बनाई। पिछले पांच वर्षों में कांग्रेस ने सिर्फ लूटने का कार्य किया। कांग्रेस छत्तीसगढ़ की जनता के जेब से पैसा निकालने का कार्य करती रही। वहीं भाजपा की सरकार बनते ही जनता के जेब में पैसा डालने का काम किया गया। त्यौहार के पहले देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी ने महतारी वंदन का पैसा प्रदेश की बहनों के खाते में पहुंचाया है। प्रदेश के हर घर में मोदी जी और भाजपा की योजनाओं का लाभ पहुंचा है। सभी परिवारों को केन्द्र एवं राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को लाभ मिल रहा है।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि दक्षिण की जनता ने मुझे सदैव अभूतपूर्व प्रेम और स्नेह दिया। जिसकी बदौलत मैं लगातार दक्षिण विधानसभा में बढ़ती मार्जिन से जीतते आया हूं। गत विधानसभा चुनाव में दक्षिण की जनता ने इतना अधिक स्नेह दिया कि पूरे प्रदेश में सबसे अधिक मार्जिन से जितने वाली विधानसभा दक्षिण विधानसभा रही। लोकसभा चुनाव में जब भारतीय जनता पार्टी ने मुझे संसदीय क्षेत्र की जिम्मेदारी सौंपी तो आप सभी ने इस प्रेम को और बढ़ाया और लोकसभा चुनाव में दक्षिण से ही मुझे 90 हजार से अधिक मतों से बढ़त हासिल हुई। हमारे समक्ष प्रदेश के मुखिया विष्णुदेव साय उपस्थित हैं। आज आप सभी उन्हें एक वादा कीजिए कि पुनः रायपुर दक्षिण की सीट बड़ी मार्जिन से भाजपा की झोली में डालेंगे और अपने प्रत्याशी सुनील सोनी को विधानसभा में दक्षिण का नेतृत्व करने का मौका देंगे।
मुख्य प्रवक्ता एवं विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि रायपुर दक्षिण से लगातार आठ बार जीतने वाले बृजमोहन अग्रवाल के बारे में सवाल उठाकर भूपेश बघेल अपनी जगहंसाई करवाते हैं। राजनीति से लेकर महापौर, सांसद, विधानसभा प्रत्याशी तक के जीवनकाल में रायपुर के विकास की भूमि तैयार करने वाले सुनील सोनी हैं। वर्तमान महापौर जिसके एक भाई जेल में और एक भाई बेल में हैं को संरक्षण देकर भूपेश बघेल कांग्रेस की मानसिकता उजागर करते हैं। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार बनते ही प्रदेश का विकास पूरी तरह से ठप्प हो गया था। यदि दुबारा पुनर्विकास की योजनाएं शुरू हुई तो वह भाजपा सरकार में हुईं। उसके पीछे की नींव सुनील सोनी हैं। उन्होंने कहा कि भूपेश की तत्कालीन कांग्रेस सरकार का राजधानी रायपुर के विकास के लिए एक नई ईंट तक जोड़ने में कोई योगदान 5 वर्ष में नहीं रहा। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत यातायात सुधारने इंट्रीगेटर ट्रैफिक सिस्टम 2 साल में बनना था मगर उसमें कोई काम नहीं हुआ। काम होगा भी तो कैसे एक जेल में एक बेल में और एक महापौर बनाकर राजनीति के खेल में। रायपुर कांग्रेस महापौर को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का संरक्षण मिलता रहा है। आप सभी को यहां से संकल्प लेकर जाना है कि रायपुर दक्षिण की अभेद्य सीट पर भारी मतांतर का कीर्तिमान बराकर रहेगा।
भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी ने कहा कि आज कार्यकर्ताओं एवं जनता की विशाल भीड़ ने एक बार फिर बता किया कि रायपुर दक्षिण में फिर से कमल खिलने वाला है। आज मैं आप सबसे जीत का आशीर्वाद मांगने आया हूं। मैं एक ऐसे दल का सदस्य हूं जो जन सेवा को ही प्रभु सेवा मानकर कार्य करता है। भाजपा ने मुझे लगातार जनता की सेवा करने का मौका दिया। कभी महापौर बनाकर तो कभी सभापति बनाकर। पार्टी ने मुझे 2019 में सांसद प्रत्याशी बनाया और आप सभी ने अपने आशीर्वाद से मुझे एक बार फिर सेवा करने का मौका दिया। मैंने रायपुर के विकास के कार्य की निरंतरता को बनाए रखा। पार्टी ने मुझे एक बार फिर आपकी सेवा करने का मौका दिया है और मैं पुनः आपकी सेवा में सदैव तत्पर रहूंगा।

इस दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर दक्षिण के उप चुनाव कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। कार्यालय उद्घाटन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव, वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिक एवं महामंत्री संजय श्रीवास्तव भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में विधानसभा उपचुनाव संयोजक एवं कैबिनेट मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल, शिवरतन शर्मा, वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, मोहन एंटी, जयंती पटेल, भाजपा मीडिया सहप्रभारी अनुराग अग्रवाल, सत्यम दुवा, सुभाष तिवारी, मुकेश शर्मा, मीनल चौबे, मृत्युंजय दुबे सालिक सिंह ठाकुर, प्रवीण देवड़ा, महेश शर्मा, छगन मूंदड़ा, केदार गुप्ता, अकबर अली, सरिता वर्मा, सरिता दुबे, अमित साहू, मनीष चंद्राकर, हरशिला रूपाली. नासिर खान सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

