रायपुर नगर निगम से जुड़े भाजपा नेताओं का आरोप- रायपुर दक्षिण उप चुनाव में कांग्रेस समाज को बाँटकर राजनीति करने का शर्मनाक पैंतरा अपना रही

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा है कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम क्षेत्र में विकास के नाम पर रायपुर शहर को काफी पीछे कर दिया। चूँकि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, विकास के नाम पर बताने कोई उपलब्धि नहीं है, इसलिए वह रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव में जातिवाद व धर्म के नाम पर समाज को बाँटकर राजनीति करने का शर्मनाक पैंतरा अपना रही है। कांग्रेस अपने इन ओछे पैंतरों में कतई कामयाब नहीं होगी।

एकात्म परिसर में आज पत्रकार वार्ता में रायपुर नगर निगम की नेता प्रतिपक्ष मीनल चौबे ने कहा कि पिछले 15 वर्षों में कांग्रेस के तीन-तीन महापौरों के कार्यकाल में राजधानी का विकास ठप्प हो गया है। भाजपा विकास और कांग्रेस विनाश के लिए कार्य करती है। रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी के महापौर कार्यकाल में जो विकास कार्य हुए, कांग्रेस की निगम सरकार ने न तो उनको सहेजने और सँवारने का काम किया, न ही विकास की ऐसी किसी नई योजना पर काम किया, जिसे वह आज गिना सके। श्रीमती चौबे ने कांग्रेस के दो पूर्व महापौर किरणमयी नायक व प्रमोद दुबे और वर्तमान महापौर एजाज ढेबर पर जनहित और विकास की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि आज शहर में न तो लोगों को शुद्ध पानी मिल रहा है, न त्यौहारों में पर्याप्त बिजली सुविधा मिल रही है। चहुँओर प्रदूषण ने लोगों का साँस लेना तक दूभर कर दिया है। अवैध कब्जों के कारण लोगों को चलने तक के लिए जगह नहीं मिल रही है। रायपुर नगर निगम में यूनीपोल घोटाला हुआ। कांग्रेस ने 15 वर्षों में नगर निगम को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाकर रख दिया। स्मार्ट सिटी फंड की राशि का खुलकर दुरुपयोग किया गया। बहुत सारा टेंडर घोटाला हुआ। बिना टेंडर के काम करवाए गए। शहर में सामुदायिक भवन में कांग्रेस की पिछली सरकार के मंत्री ने कब्जा कर लिया था। पिछले 15 वर्षों में शहर की जो दुर्गति हुई है, उसके लिए कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार है। आज उपचुनाव में किस मुँह से कांग्रेस वोट मांगने जा रही है? ऐसी भ्रष्ट और जातिवाद की राजनीति करने वाली कांग्रेस को सबक सिखाने के लिए भाजपा के पक्ष में मतदान करें।

पत्रकार वार्ता में नगर निगम के पूर्व पार्षद सुभाष तिवारी ने कहा कि आज भाजपा ने एक योग्य उम्मीदवार के रूप में सुनील सोनी को मैदान में उतारा है। सन् 2000 से लेकर आज तक सुनील सोनी लगातार रायपुर शहर के विकास में एक सेतु का काम करते रहे हैं और रायपुर शहर को बहुत कुछ मिला। सोनी के
महापौर कार्यकाल में रायपुर के राजधानी बनने के बाद उसे राजधानी का स्वरूप देने में उनकी महती भूमिका रही। महापौर रहते हुए में उन्होंने निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों व पार्षद साथियों के साथ मिलकर एक विजन के तहत रायपुर का समग्र विकास किया। तात्यापारा से शारदा चौक तक सड़क चौड़ीकरण का काम 15 साल के कार्यकाल में कांग्रेस के तीन महापौर मिलकर नहीं कर पाए। तिवारी ने कहा कि भाजपा शासनकाल में बृजमोहन अग्रवाल और राजेश मूणत ने मंत्री के रूप में रायपुर शहर को एक राजधानी के रूप में सँवारा और विकसित किया। बृजमोहन जी ने दलीय राजनीति से ऊपर उठकर रायपुर दक्षिण के प्रत्येक वार्ड के लिए समान रूप से विकास के लिए राशि उपलब्ध कराई।

भाजपा पार्षद दल के प्रवक्ता मृत्युंजय दुबे ने पत्रकार वार्ता में कहा कि भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी जब महापौर थे विकास का विजन सामने रखकर आने वाले 20-25 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास की योजनाएँ बनाई थीं और उन्हें अमल में लाया था। पूर्व मंत्री व मौजूदा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में करोड़ों के विकास कार्य कराये । रायपुर दक्षिण में अंतरराज्यीय बस स्टैंड बना।

भाजपा प्रदेश प्रवक्ता मुकेश शर्मा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि जहाँ भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ को बनाने और सँवारने की बात करती है, वहीं कांग्रेस जात और धर्म के नाम पर समाज में वैमनस्य फैलाने का काम कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकाल में विकास हुआ है। रायपुर शहर ने भाजपा का कार्यकाल भी देखा है और कांग्रेस का कार्यकाल भी देखा है। जब कांग्रेस का कार्यकाल आता है तो खुलकर भ्रष्टाचार, घोटाले करके अपनी-अपनी तिजोरी भरने का काम होता है, जबकि भाजपा की केंद्र सरकार और प्रदेश सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक घर तक पहुँचा है।

भाजपा के पूर्व शहर जिला अध्यक्ष अशोक पाण्डेय ने पत्रकार वार्ता में कहा कि कांग्रेस आज फिर जातिवाद के नाम पर ओछी राजनीति कर रही है। लेकिन कांग्रेस का यह राजनीतिक हथकंडा इस उपचुनाव में कतई कामयाब नहीं होगा।

पत्रकार वार्ता में प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *