रायपुर दक्षिण उप चुनावः बृजमोहन अग्रवाल ने कहा- रायपुर शहर की जनता कभी नहीं चाहेगी कि अशांति फैलाने वालों को वोट दिया जाए

मिसाल न्यूज़

रायपुर। पूर्व मंत्री एवं सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र से  उप चुनाव लड़ रहे कांग्रेस प्रत्याशी को वहां की एक प्रतिशत जनता भी जानती। भाजपा प्रत्याशी सुनील सोनी पार्षद, महापौर, आरडीए अध्यक्ष एवं सांसद रहे हैं। उनके कार्यों से ही रायपुर शहर का ऐसा स्वरूप दिखाई दिख रहा है। बलौदाबाजार एवं सूरजपुर की घटना को देखने के बाद रायपुर शहर की जनता कभी भी नहीं चाहेगी कि अशांति फैलाने वाले लोगों को वोट दिया जाए।

एकात्म परिसर में आज पत्रकार वार्ता में बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि रायपुर दक्षिण विधानसभा कांग्रेस पार्टी के लिए एक पर्यटन स्थल बन गया है। हर 5 साल में कांग्रेस पार्टी के लोग रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में एक बार घूमने के लिए आते हैं। कांग्रेस ने मेरे खिलाफ आठ बार नए प्रत्याशी उतारे। ये कहें कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी चुनाव लड़ने के लिए ही दक्षिण विधानसभा में आते हैं। उसके बाद उनका कोई पता ठिकाना नहीं रहता। कांग्रेस नेता चाहे कांग्रेस प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट हों या फिर भूपेश बघेल, टी.एस. सिंहदेव, दीपक बैज या नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, सभी इस बार के चुनाव में रायपुर दक्षिण में पर्यटन करते दिखे। ऐसे लोगों को दक्षिण की विधानसभा की जनता क्यों स्वीकार करेगी और क्यों वोट देगी।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा रायपुर दक्षिण विधानसभा क्षेत्र की जनता पूरी तरह आश्वस्त है कि विकास भारतीय जनता पार्टी ही कर सकती है। तीन बार मुझे विपक्ष में रहते हुए भी रायपुर शहर की जनता ने जिताया है। इस बार भी जानता बीजेपी को ही जिताएगी। कांग्रेस को जवाब देना चाहिए पिछली बार महंत रामसुंदर दास को जबर्दस्ती रायपुर दक्षिण से प्रत्याशी क्यों बनाया? महंत रामसुन्दर दास जी ने कांग्रेस पार्टी क्यों छोड़ी? कांग्रेस ने उनके साथ क्या व्यवहार किया? उनका अपमान क्यों किया? जरा इस बात को कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिए। कांग्रेस पार्टी को बताना चाहिए कि 5 वर्ष तक निगम की सत्ता संभालने वाले कांग्रेसी महापौर चुनाव प्रचार में क्यों नहीं दिख रहे हैं? उन्होंने कहा कि भाजपा के 24 वर्ष के कार्यकाल में रायपुर दक्षिण में 5 हजार करोड़ रुपए के विकास कार्य हुए है। हर तरफ सड़क, पानी, बिजली जैसी बुनियादी सुविधाओं का जाल बिछा है।

बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि महिलाओं को महतारी वंदन के तहत प्रतिमाह 1000 रुपए की राशि दी जा रही है। दक्षिण की जनता जो खेती बाड़ी से जुड़े है उनका 21 क्विंटल धान प्रति एकड़ और 3100 रुपए में सरकार खरीद रही है। 5 साल से प्रधानमंत्री आवास बंद थे वह फिर से प्रारंभ हो गए हैं। भाजपा को गिनाने के लिए व्यक्ति मूलक कई काम हैं। कांग्रेस एक भी योजना बताए कि 5 साल में क्या किया। उन्होंने कहा कि जिनका प्लेन राजस्थान में ही उड़ान नहीं भर पाया उस कांग्रेस पार्टी को इस बात को उम्मीद छोड़ देनी चाहिए कि उनका प्लेन टेक ऑफ हो पाएगा। आज रायपुर शहर बड़ा व्यापारिक एवं औद्योगिक केंद्र है।  हमारे जो प्रत्याशी है उनके 40 साल के राजनीतिक जीवन में कभी कोई दाग नहीं लगा है। उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं। दक्षिण विधानसभा को जनता ने भाजपा का किला बनाया हुआ है और पिछले 36 सालों से जानता ही उसके किले की रक्षा कर रही है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं रायपुर दक्षिण विधानसभा चुनाव संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में जितने अपराध घटित हो रहे हैं उसमें युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के पदाधिकारी की संलिप्तता पाई जा रही है। सूरजपुर की घटना का आरोपी कुलदीप और दामाखेड़ा के कबीर आश्रम की घटना का आरोपी किस पार्टी से रहा है यह सभी जानते हैं। कांग्रेस के संरक्षण में छत्तीसगढ़ अपराधगढ़ बना। भूपेश बघेल, दीपक बैज, डॉ. चरणदास महंत को जवाब देना चाहिए कि कांग्रेस ने 5 साल में ऐसा क्या किया जिस भरोसे वोट मांग रहे हैं। रायपुर दक्षिण के चुनाव में मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, मंत्रीगण, विधायकगण और भाजपा संगठन के सभी पदाधिकारी बृजमोहन अग्रवाल के नेतृत्व में सब सक्रियता के साथ लगे हुए हैं।

पत्रकार वार्ता में विधायकगण गजेन्द्र यादव, रोहित साहू, सुशांत शुक्ला व ईश्वर साहू, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता केदारनाथ गुप्ता तथा अवधेश जैन मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *