मिसाल न्यूज़
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष और रायपुर दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के संयोजक शिवरतन शर्मा ने कहा है कि भाजपा विश्वास का नाम है जबकि कांग्रेस विश्वासघात का नाम। भ्रष्टाचार औ’र अपराध कांग्रेस रूपी सिक्के के दो पहलू हैं। कांग्रेस ने प्रदेश में अपने पाँच साल और रायपुर नगर निगम में 15 वर्षों के शासनकाल में केवल वादाखिलाफी करते जनता से किए गए अपने वादों से मुकरने का काम किया।
एकात्म परिसर में आज शिवरतन शर्मा ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज बताएं कि आखिर रायपुर दक्षिण की जनता कांग्रेस को वोट क्यों करे? कांग्रेस ने ऐसा कौन सा काम किया है, जिसके लिए रायपुर की जनता कांग्रेस का समर्थन करे? सन 2018 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस नेताओं ने गंगाजल हाथ में लेकर प्रदेश में पूर्ण शराबबंदी की शपथ ली थी, लेकिन शराब घोटाला कर दिया। महादेव जुआ, कोयले की दलाली का प्रकरण प्रदेश के सामने है। किसानों को धमकाने-चमकाने के अनेक मामले सामने आए। बिलासपुर युवा कांग्रेस का अध्यक्ष शेर असलम का एक किसान को धमकाता हुआ वीडियो वायरल हुआ था। बीते 10 महीने के भाजपा शासनकाल में भी प्रदेश में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का षड्यंत्र कांग्रेस नेताओं द्वारा किया जा रहा है। इसका सबसे बड़ा उदाहरण बलौदाबाजार की घटना है। उसके सूत्रधार कांग्रेस के विधायक देवेंद्र यादव थे। पिछले तीन महीने से वह जेल में हैं और उनकी जमानत नहीं हो पा रही है। इसी प्रकार जो कांग्रेस शासनकाल में जितने लोग गिरफ्तार हुए, चाहे समीर बिश्नोई हों चाहे सौम्या चौरसिया हों, चाहे रानू साहू हों, डेढ़-दो साल से उनको जमानत तक नहीं मिल पा रही है।
शर्मा ने कहा कि रायपुर महापौर एजाज ढेबर ने 5 साल में आखिर किया क्या है? स्मार्ट सिटी के नाम पर सैकड़ों करोड़ का जो भ्रष्टाचार हुआ, उसकी भी पूरी जांच होगी। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का चाहे प्रदेश नेतृत्व हो, चाहे राष्ट्रीय नेतृत्व, वह सनातन धर्मावलंबियों बहुसंख्य जनता की भावनाओं को आहत करने का काम करता है। पिछले चुनाव में बृजमोहन अग्रवाल के साथ बैजनाथपारा में क्या हुआ था, बताने की आवश्यकता नहीं। भूपेश बघेल के कार्यकाल में एक वर्ग विशेष का जो आतंक था और भूपेश सरकार का उन तत्वों को जो संरक्षण था वह किसी से छिपा हुआ नहीं है। भाजपा सही मायने सर्वधर्म समभाव की नीति पर विश्वास करती है। शर्मा ने कहा कि कांग्रेस ने पिछली बार अपने घोषणा पत्र में शहर के नागरिकों से विशेष रूप से एक वादा किया कि जिनके पास भूमि नहीं है उनको हम भूमि का पट्टा देंगे, दो कमरों का मकान बनाकर देंगे, पर वह वादा पूरा नहीं किया जबकि भाजपा की केंद्र सरकार की योजना में रायपुर दक्षिण में 2665 प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत हुए और बने। 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना का पैसा मिल रहा है। भाजपा ने अपने संकल्प पत्र के पाँच वादों, जिसमें लगभग 25 हजार करोड रुपए का खर्च आना था, हमने 5 महीने के अंदर पूरा करके दिखाया। 2 साल के बकाया बोनस देने की बात हो चाहे तेंदूपत्ता संग्रहण की राशि बढ़ाने की बात हो चाहे प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने की बात हो, हमने 4 महीने के अंदर यह सारे वादे पूरे किए और छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य के साथ जो कांग्रेस की सरकार खेल कर रही थी उस पीएससी घोटाले की जांच सीबीआई से कराई जा रही है।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश के मंत्री और दक्षिण उपचुनाव के प्रभारी श्यामबिहारी जायवाल ने कहा कि भाजपा सरकार के 1 साल भी पूरे नहीं हुए हैं और इतने कम समय में हमने काम करके दिखाया है। सरकार की उपलब्धि को जन-जन तक पहुंचाने का काम हमारे मुख्यमंत्री विष्ण देव साय, उमुख्यमंत्री द्वय अरुण साव व विजय शर्मा सहित सात मंत्रीगण और 18 विधायक इस प्रचार-प्रसार में लगातार जनता की बीच जाकर सरकार की उपलब्धियाों को बताने के साथ-साथ हमारे प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार प्रसार करने का काम किया। प्रदेश के हमारे पदाधिकारी और रायपुर संभाग के और विशेष रूप से रायपुर दक्षिण के कार्यकर्ताओं ने पूरी ताकत के साथ इस चुनाव अभियान में भाग लिया।
पत्रकार वार्ता में विधायक गुरु खुशवंत साहेब, ईश्वर साहू, प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, जिला अध्यक्ष जयंती पटेल, प्रदेश सोशल मीडिया सह संयोजक मितुल कोठारी एवं ओबीसी मोर्चा जिला अध्यक्ष सुनील चौधरी उपस्थित थे।

