मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर उत्तर विधायक एवं सर्व उड़िया समाज के अध्यक्ष पुरंदर मिश्रा ने कहा कि ऋषि पंचमी नुवा खाई के पवित्र अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य में “स्थानीय अवकाश’ की घोषणा से सर्व उड़िया समाज आनंदित एवं हर्षोल्लासित है। इसके लिए मैं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का छत्तीसगढ़ राज्य के उत्कल समुदाय की ओर से हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
एकात्म परिसर में प्रेस ब्रिफिंग के दौरान पुरंदर मिश्रा ने कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य एक उड़िया बाहुल्य प्रदेश है। उड़िया समाज अनादि काल से अपनी अभिन्न संस्कृति, परंपराओं और रीति रिवाजों को संवर्धित और संरक्षित करने के लिए जाना जाता है। नुवा खाई का पवित्र पर्व उड़िया समाज के लिए परंपरागत लोक पर्व होने के साथ-साथ एक प्रमुख पर्व है। इसे नई फसल के आगमन की खुशी में उड़िया समाज बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाता है। इस दिन नई फसल से भोग बनाकर कई प्रकार के व्यंजनों के साथ छत्तीसगढ़ के निवासी अपने इष्ट देवी-देवताओं का पूजा पाठ करते हैं एवं परंपरागत रूप से किसानों का आभार व्यक्त करते हैं। प्रदेश में समाज के जशपुर से लेकर सरगुजा तथा सराईपाली से लेकर जगदलपुर तक 24 विभिन्न समुदाय के लोग निवासरत हैं। प्रदेश में लगभग 35 लाख उड़ियाभाषी हैं। नुवा खाई पर्व पर स्थानीय अवकाश की घोषणा से ये सभी उल्लासित हैं।
प्रेस ब्रिफिंग में वरिष्ठ भाजपा प्रवक्ता अमित चिमनानी उपस्थित थे।

