रायपुर। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंत्रालय में सेवारत 155 अधिकारियों एवं कर्मचारियों के पदोन्नति आदेश जारी होने पर छत्तीसगढ़ मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राजपूत एवं अन्य पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री, वित्त मंत्री तथा सामान्य प्रशासन विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया है।
मंत्रालयीन कर्मचारी संघ के अध्यक्ष महेन्द्र सिंह राजपूत ने एक बयान जारी कर कहा कि आज मंत्रालय सेवा के 155 अधिकारियों-कर्मचारियों का पदोन्नति आदेश जारी किया गया। 3 उपसचिव, 7 अवर सचिव, 20 अनुभाग अधिकारी, 32 सहायक अनुभाग अधिकारी, 58 वरिष्ठ सचिवालय सहायक, 24 कनिष्ठ सचिवालय सहायक के पद पर पदोन्नत हुए हैं। इसी प्रकार 2 स्टाफ ऑफिसर, 4 निज सचिव और 5 कर्मचारी निज सहायक के पद पर पदोन्नत हुए हैं। इतनी बड़ी संख्या में पदोन्नति मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री के सहृदयता के कारण हुआ है। इसके अलावा मंत्रालय संघ की मांग पर कार्यालयीन आवश्यकताओं की पूर्ति हेतु सचिवालय सेवा को लगभग 160 नए पदों की स्वीकृति प्रदान की गई है। इससे मंत्रालय सेवा को ऊर्जावान कम उम्र के अधिकारी बड़ी संख्या में प्राप्त हुए हैं। राजपूत ने कहा कि पदोन्नति से कर्मचारी अधिकारियों के कार्य के प्रति उत्साह और गुणवत्ता में वृद्धि होती है एवं बेहतर प्रशासनिक वातावरण निर्मित होता है।

