कांग्रेसियों ने हर मौके पर संविधान को ताक में रखा- संजय श्रीवास्तव

मिसाल न्यूज़

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव ने कहा है कि आज जो कांग्रेसी संविधान बचाने के नाम पर देश भर में शोर मचाते घूम रहे हैं, उनके राजनीतिक चरित्र का सच यह है कि उन्होंने संविधान को हर मौके पर ताक में रखा। महज राजनीतिक विरोध के चलते भाजपा और दीगर गैर-कांग्रेसी सरकारों को मनमाने ढंग से बर्खास्त करने में कोई हिचक नहीं दिखाई गई थी। श्रीवास्तव 6 दिसंबर, 1992 के घटनाक्रम के परिप्रेक्ष्य में अपनी बात रख रहे थे।

एकात्म परिसर में आज मीडिया से बातचीत करते हुए संजय श्रीवास्तव ने कहा कि आज जिस निर्लज्जता के साथ कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की दुहाई दे रही है, उस कांग्रेस ने एक तो संवैधानिक ढाँचे को तहस-नहस करते हुए साम्प्रदायिक तुष्टिकरण की सबसे गंदी मिसाल पेश की। दूसरे लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई उत्तर प्रदेश, मध्यप्रदेश, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश की भाजपा की चार राज्य सरकारों को रातों-रात बर्खास्त करने का काम किया गया था। इसे जबलपुर हाई कोर्ट ने अवैध ठहराया था। हालांकि कोर्ट के निर्णय आते तक विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो गया था। इससे भी अधिक शर्मनाक तो यह है कि बाबरी ढाँचा ढहने के अगले दिन 7 दिसम्बर, 1992 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पी.वी. नरसिम्हाराव ने संसद में कहा था कि ‘मस्जिद को गिराना बर्बर कार्य था, हमारी सरकार इसका पुनर्निर्माण करवाएगी।’ यह संविधान की भावनाओं के एकदम विपरीत था। श्रीवास्तव ने कहा कि कांग्रेस ने श्रीराम जन्मभूमि स्थल पर मस्जिद बनाने का वादा किया हुआ है। आज ही के दिन श्री अयोध्याजी में विवादास्पद ढाँचा ढहने के बाद कांग्रेस ने बिना कारण उत्तर प्रदेश के अलावा तीन अन्य भाजपा सरकारों को बर्खास्त कर संविधान की धज्जियां उड़ाई गई थीं। आज तक कांग्रेस ने अपने उस बयान को वापस नहीं लिया है और इसके लिए देश से माफी भी नहीं मांगी है। यह वैसा ही वादा है जैसा कांग्रेसनीत इंडी गठबंधन का अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करने का वादा है। श्रीवास्तव ने कहा कि तथ्य यह चिल्ला-चिल्लाकर कह रहा है कि कांग्रेस इन दोनों वादों के प्रति प्रतिबद्ध है। बस, उसे समय की प्रतीक्षा है। कांग्रेस के ऐसे घोर असंवैधानिक व अलोकतांत्रिक कृत्यों और साम्प्रदायिक तुष्टिकरण से भरे पड़े राजनीतिक चरित्र व इतिहास को देश को सदैव स्मरण रखना चाहिए।

प्रेस ब्रीफिंग के दौरान प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी, सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता अमरजीत छाबड़ा, मीडिया पेनलिस्ट सुनील चौधरी एवं रविन्द्र सिंह मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *