धान खरीदी केन्द्रों में इलेक्ट्रानिक कांटे में गड़बड़ी समेत कई परेशानियां, सरकार का रवैया किसान विरोधी, 10 दिसंबर को सभी ब्लॉकों में धरना प्रदर्शन- दीपक बैज

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि प्रदेश भर में धान खरीदी के लिए जिन इलेक्ट्रानिक कांटे का इस्तेमाल किया जा रहा है उनमें भारी गड़बड़ी है। मैं खुद बस्तर के चार धान खरीदी केन्द्रों में गया और वहां इलेक्ट्रानिक कांटे को गड़बड़ पाया। तोकापाल में तो इलेक्ट्रानिक कांटे को हटाकर दूसरा तराजू लगाने की जरूरत पड़ गई। धान बेचने में किसानों को हो रही परेशानी तथा सरकार के किसान विरोधी रवैये के विरोध में कांग्रेस पार्टी 10 दिसंबर को प्रदेश के सभी ब्लॉकों में धरना प्रदर्शन करेगी।

राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस में दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस ने पूरे प्रदेश में धान खरीदी केन्द्र चलो अभियान चलाया। हमारे सभी नेता पदाधिकारी धान खरीदी केन्द्रों में गये। मैं भी चार सोसायटी गया। पूरे प्रदेश में धान खरीदी केन्द्रों में अव्यवस्था से किसान परेशान हैं। सरकार की कोशिश है कम से कम धान खरीदी की जाए। सोसायटियों में हमारे नेताओं ने देखा कि बारदानों की कमी है, जिससे किसानों को धान बेचने में परेशानी हो रही है। सरकार ने कहा है कि 50 प्रतिशत नये, 50 प्रतिशत पुराने बारदानों का उपयोग किया जाए। 50 प्रतिशत पुराने बारदाने समितियों में पहुंचे ही नहीं हैं, जिसके कारण धान खरीदी बाधित हो रही है। पुराने बारदाने फटे हुए हैं जिसमें धान भरा ही नहीं जा सकता। किसानों से कहा जा रहा 50 प्रतिशत बारदानों की व्यवस्था स्वयं करो उसका भुगतान किया जायेगा, लेकिन किसानों के बारदाने का पैसा भी नहीं मिल रहा। टोकन कटने की तारीख से 7 से 10 दिन बाद धान बेचने के लिये किसानों को बुलाया जा रहा है। 15 दिन बाद तक का भी टोकन नहीं मिल रहा। इलेक्ट्रॉनिक कांटा में जो तौलाई हो रही है उसमें 1.5 किलोग्राम से 2.5 किलोग्राम अधिक तौला जा रहा है। सोसायटियों में धान का उठाव नहीं होने के कारण जगह की कमी है। धान के बोरे जाम हैं। जगह का अभाव हो गया है।

बैज ने कहा कि अनावरी रिपोर्ट कम बनाई गई है तथा खरीदी भी 21 क्विंटल के हिसाब से नहीं हो रही है। 9 से 12-14 क्विंटल धान खरीदा जा रहा है। सरकार ने घोषणा की थी कि 72 घंटे में किसानों के खाते में पैसा आयेगा। जो लोग धान बेच चुके हैं, उनके खाते में रकम हफ्तों से नहीं आई है। जो रकम आ रही है वह एक मुश्त 3100 नहीं है। सिर्फ 2300 रू. प्रति क्विंटल ही आ रहा है। जबकि भाजपा ने 3100 रू. एकमुश्त देने का वादा किया था।

पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष धनेन्द्र साहू ने कहा कि धान खरीदी में टोकन की व्यवस्था पर कांग्रेस पार्टी व्दारा लगातार आवाज उठाने के बाद सरकार ने 60-40 प्रतिशत आदेश दिया है। ऐप में दिख रहा है कि 15 जनवरी तक टोकन 60 प्रतिशत तक भरा हुआ है, जबकि 31 जनवरी आखिरी तारीख है। धान खरीदी की तारीख 15 दिन बढ़ाई जाये, तभी सभी किसान धान बेच पायेंगे।

पूर्व मंत्री रविन्द्र चौबे ने कहा कि धान खरीदी को अभी 23-24 दिन हुआ है और सरकार की सांसें फूलने लगी है। 160 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य रखा गया है और 40 लाख करोड़ की राशि किसानों को देना है। मीडिया और अखबारों से पता चला है कि 1 तिहाई समय निकल गया है और 6600 करोड़ की धान खरीदी हुई है। इसी गति से धान खरीदी होती रही तो 160 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी कैसे होगी सबसे बड़ा सवाल है? हमारी कांग्रेस की सरकार ने 135 लाख मीट्रिक टन खरीदी की थी। कांग्रेस की सरकार ने अपने दम पर सारी व्यवस्था की थी। साय सरकार 20 दिन में बारदाना की पूर्ति नहीं कर पा रही है। टोकन नहीं दे पा रही है। धान उठाव नहीं हो पा रहा है। इलेक्ट्रॉनिक मशीन में परेशानी आ रही है। साय सरकार ने अपने घोषणा पत्र में ग्राम पंचायत में एकमुश्त भुगतान करने की मोदी की गारंटी कहा था। सरकार की तरफ से पहले से जानकारी आना था लेकिन अभी तक नहीं आई है। कांग्रेस की सरकार ने पहले से ही अतिरिक्त राशि देने का तय किया तो राजीव गांधी न्याय योजना के माध्यम से किसानों को देने की दिन और तारीख तय कर लिया जाता था। उसी दिन उसी तारीख पर किसानों को अतिरिक्त राशि मिल जाती थी। साय सरकार को धान खरीदी अव्यवस्था को सुधारा जाना चाहिये। 20 दिन में सरकार थक गई है।

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सत्यनारायण शर्मा ने कहा कि धान खरीदने के बाद दोबारा धान की तौलाई करते करने पर तौल में ज्यादा धान लेने की शिकायत आई है। किसानों को 10 हजार देने की बात कही गई है। अगर किसानों के खाते में पैसा आ जायेगा तो वो एटीएम से कभी भी निकाल सकते है। लिफ्टिंग तुरंत होना चाहिये। राईस मिलर्स को संग्रहण केंद्र में क्वालिटी का चयन करने में परेशानी होगी। ये जो बातें हैं गंभीरता से सरकार को पहल करनी चाहिये। भाजपा के घोषणा पत्र में 3100 रुपये में धान खरीदने की बात कही गई थी अतः एकमुश्त भुगतान होना चाहिये।

प्रेस कांफ्रेंस में संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व संचार विभाग अध्यक्ष शैलेश नितिन त्रिवेदी, पंकज शर्मा, प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा एवं अशोक राज आहूजा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *