मिसाल न्यूज़
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि स्थानीय नगरीय निकाय चुनाव भाजपा सरकार की नाकामी और वादाखिलाफी पर लड़ा जायेगा। पिछले 1 साल में भाजपा की साय सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है। सरकार से युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति हर वर्ग के लोग निराश हैं। ये सभी सरकार से अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं।
राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस में दीपक बैज ने कहा कि कल स्थानीय निकायों के चुनावों की घोषणा हुई। कल ही हमने नगरीय निकायों और पंचायतों के चुनाव परिणाम की तिथि पर आपत्ति जताई थी। नगरीय निकाय एवं पंचायतों के चुनाव कार्यक्रम एक साथ घोषित किये गए हैं। निकायों के परिणाम 15 फरवरी को आएंगे। पंचायतों के परिणाम 18, 21, 24 फरवरी को घोषित होंगे। जब एक साथ चुनाव की अधिसूचना जारी हुई है, आचार संहिता एक साथ लगी तो पंचायतों एवं निकायों के परिणाम एक साथ घोषित होना चाहिये। अमूमन भारत निर्वाचन आयोग अलग-अलग राज्यों के चुनाव कार्यक्रम जब भी घोषित करता है तब भले ही मतदान अलग-अलग तिथि पर हों, परिणाम एक साथ ही आते हैं। इस संबंध में हमने राज्य निर्वाचन पदाधिकारी को पत्र लिखा है। कांग्रेस के तरफ से आपत्ति दर्ज कराई है। उम्मीद है निष्पक्ष चुनाव के लिये हमारी आपत्ति पर ध्यान देकर दोनों चुनाव परिणाम एक साथ 24 फरवरी को घोषित किया जायेगा। चुनाव के कार्यक्रम घोषित होने से छात्रों एवं अभिभावकों की परेशानियां बढ़ गई हैं। चुनाव और परीक्षाएं टकरा रही हैं। सी.बी.एस.सी., आई.सी.एस.सी. एवं सीजी बोर्ड की परीक्षाएं लगभग इसी समय चलेंगी। हमने सरकार से पहले भी मांग की थी कि ऐसी व्यवस्था बने जिससे परीक्षाएं न टकराएं। पहले भाजपा ने हार के डर से चुनाव नहीं कराया और अब आलोचना से डरकर चुनाव की घोषणा हुई तो परीक्षाओं का ख्याल नहीं रखा गया।
बैज ने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार 1 साल में विफल साबित हुई है। राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। स्थानीय निकायों में लागू की गई दोषपूर्ण आरक्षण नीति के कारण ओबीसी वर्ग के लोग सरकार से नाराज हैं। 3217 रू. एकमुश्त भुगतान नहीं करने के कारण, धान खरीदी में फैली अव्यवस्था से किसान सरकार से नाराज हैं। वन रक्षकों, पुलिस आरक्षकों तथा सरकारी नौकरी में हुए भ्रष्टाचार एवं सरकारी नौकरियां बेचे जाने के कारण युवा सरकार से नाराज हैं। विधानसभा चुनाव में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया गया था। एक साल में 20 हजार नौकरियां मिलना था लेकिन साल भर में भर्ती नहीं निकाली गई। युवा ठगे महसूस कर रहे हैं। 18 लाख आवास देने का वादा विधानसभा चुनाव में किया गया था, लेकिन अभी तक आवास देने के मामले में सरकार कोई कार्य योजना नहीं बना पाई है। आवासहीन खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।
बैज ने कहा कि बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था इस चुनाव में बड़ा मुद्दा होगा। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम आदमी डरा हुआ है। हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी के कारण राज्य का हर शहर असुरक्षित है। राजधानी से लेकर मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र तक गोलियां चल रही हैं। हम इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जायेंगे।
पत्रकार वार्ता में प्रदेश प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, नीता लोधी, जितेंद्र मुदलियार, वंदना राजपूत, सत्य प्रकाश सिंह, अजय गंगवानी एवं ऋषभ चंद्राकर उपस्थित थे।