मिसाल न्यूज़
रायपुर। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री विष्णु देव साय पहले 18 लाख प्रधानमंत्री आवास पर हस्ताक्षर किए फिर अपने निवास गए। आज छत्तीसगढ़ का किसान खाने के लिए नहीं, खजाने के लिए खेती कर रहा है।
एकात्म परिसर में आज प्रेस कांफ्रेंस में विजय शर्मा ने कहा कि अब प्रधानमंत्री आवास योजना हितग्राहियों के मकान बनने प्रारंभ हो चुके हैं। 1 लाख 80 हजार मकान बन भी हो चुके हैं। अगर यह मकान 5 वर्ष पहले बन जाते तो हमें ज्यादा खुशी होती। उन्होंने कहा जिस कार्यकर्ता को गरीबों के उनके आवास दिलाने के लिए आंदोलन का नेतृत्व सौंपा उसे ही मंत्री बनाकर गरीबों को आवास बांटने का काम बीजेपी की सरकार ही कर सकती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में जनमन के तहत विशेष संरक्षित जनजातियों के पूरे देश के लक्ष्य में से 51% सड़कें सिर्फ छत्तीसगढ़ को मिली हैं। देश में 4 हजार 781 किलोमीटर की लंबाई के विपरीत सिर्फ छत्तीसगढ़ राज्य में 2 हजार 449 किलोमीटर लंबाई की सड़क स्वीकृत की गई।
उन्होंने कहा कि हमने किसानों को बकाया 2 साल का धान का बोनस दिया। साथ ही प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 31सौ रुपए प्रति क्विंटल के भाव से धान खरीदी हो रही है। विष्णु देव सरकार ने कैबिनेट में निर्णय लिया है कि फरवरी के पहले पखवाड़े के भीतर सभी किसानों को उनकी उपज के भुगतान की अंतर राशि का एकमुश्त भुगतान हो जाएगा। महतारी वंदन योजना के तहत प्रतिमाह 1000 रुपए 70 लाख महिलाओं के खाते में सीधे जमा कर रहे हैं। जिस योजना को कांग्रेस सरकार ने धोखे से महिला समूह से छीन लिया था उस रेडी टू ईट योजना वापस महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपने का निर्णय भाजपा सरकार ने लिया व पांच जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तहत यह प्रारंभ भी हो गया है। महिलाओं को अपना स्वयं का स्थान मिले इसलिए 200 महतारी सदन का कार्य प्रारंभ हो रहा है।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में जीवन स्तर ऊंचा उठाने के लिए वहां के प्रत्येक पहलू, चाहे वह खेती की, किसानी की बात हो, उद्यानिकी की बात हो, सड़क, गाय ,ग्राम पंचायत या ग्रामीण जनजीवन हो भाजपा ने जनहित में उसे प्रभावित किया है। हमने आदिवासी बंधुओ के जीवन स्तर ऊपर उठने के लिए 5500 सौ रुपए प्रति मानक बोरा की दर से तेंदूपत्ता की खरीदी की। इससे 12 लाख परिवार को 240 करोड़ की अतिरिक्त आय प्राप्त हुई व चरण पादुका का वितरण पुनः प्रारंभ करने का कैबिनेट ने निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत भूमिहीन मजदूरों को 10 हजार सालाना यानी 562000 मजदूरों को 562 करोड़ रुपए दिया जाना प्रारम्भ हो चुका है।
पत्रकार वार्ता में भाजपा पंचायत चुनाव प्रभारी सौरभ सिंह ने कहा कि जनता का भाजपा के प्रति पूर्ण विश्वास है और केंद्र और राज्य की डबल इंजन की सरकार पंचायत व नगरीय निकाय में चार इंजन की सरकार होकर जनता के कल्याण और विकास के कार्य करेगी। इस हेतु प्रदेश के सभी 33 जिला पंचायत, 146 जनपद और 11672 ग्राम पंचायत क्षेत्र में भाजपा पर जनता का विश्वास प्रगाढ़ है।
प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा महामंत्री भरत वर्मा, भाजपा नेता व बस्तर संभाग प्रभारी निरंजन सिंह, भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी अनुराग अग्रवाल, पंचायत चुनाव प्रदेश समिति सदस्य आकाश विग एवं श्रीमती किरण बघेल उपस्थित थे।