निकाय चुनाव के मतदान से पहले कांग्रेस के खिलाफ लाएंगे आरोप पत्र- अरुण साव

मिसाल न्यूज़

रायपुर। उप मुख्यमंत्री (नगरीय निकाय) अरुण साव ने कहा कि नगरीय निकाय चुनाव के लिए कांग्रेस ने जो प्रत्याशी घोषित किए हैं, उनके खिलाफ लगातार नाराजगी सामने आ रही है। इससे स्पष्ट होता है कि कांग्रेस पार्टी चुनावी मैदान में जाने से पहले ही हार चुकी है। रायपुर में कांग्रेस नामांकन रैली तक नहीं कर पाई।  मतदान से पहले भाजपा कांग्रेस के खिलाफ आरोप पत्र लाने जा रही है।

एकात्म परिसर में आज प्रेस कांफ्रेंस में अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस की हालत सबके सामने है। पिछले 5 दिनों में जो मंजर प्रदेशवासियों ने देखा, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी में कैसी ऊहापोह और आपाधापी मची है। किस तरह से और कैसे प्रत्याशियों का चयन हो रहा है। महापौर जैसे पद के लिए कांग्रेस के पास जमीन पर काम करने वाली कोई कांग्रेस नेत्री नहीं मिली! अपने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और अपमान कांग्रेस पार्टी ने किया है। आलम यह है कि कांग्रेस का कोई एमआईसी का मेंबर निर्दलीय चुनाव लड़ रहा है। कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं, बागी होकर चुनाव लड़ रहे हैं। जनता पूरी तरह कांग्रेस को सबक सिखाने के मूड में है। साव ने कहा कि एक तरफ 5 साल में विकास को अवरुद्ध किया, जनता को परेशान किया, वहीं दूसरी ओर यही वह कांग्रेस पार्टी है जिसने अप्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराकर जनता के अधिकारों को छीनने का काम किया था। लोकतंत्र में मताधिकार सबसे बड़ा अधिकार होता है और जनता को अपना महापौर और अध्यक्ष चुनने का अधिकार होता है। संविधान की मूल भावना के विपरीत जाकर एक तरफ जहाँ जनता के अधिकार को छीनने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया।

साव ने कहा कि कांग्रेस ने रायपुर नगर निगम में 15 साल राज किया। राज्य के अधिकांश नगर निगमों में कांग्रेस का बहुमत था, पर निवर्तमान महापौर, जो नगरीय निकाय के पदाधिकारी हैं, उनको कांग्रेस पार्टी ने छिपा लिया क्योंकि उन्हें पता है जनता में उनके प्रति काफी आक्रोश है। रायपुर में 15 साल में कांग्रेस ने नगर निगम में कैसी दुर्दशा की, कैसे-कैसे बड़े-बड़े घोटाले किए, रायपुर शहर की जनता के सामने है। पिछले 5 साल में प्रदेश के सारे नगरीय निकायों में कांग्रेस के लोगों ने जो दुर्दशा की है, विकास को अवरुद्ध किया है, विकास के लिए राशि नहीं दी, केवल बंदरबाँट और लूट मचाई।

साव ने कहा कि पिछले 1 साल में नगरीय निकायों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में काफी काम हुए हैं। हमारी सरकार ने मोदी की एक-एक गारंटी पूरी की है, चाहे प्रधानमंत्री आवास हो, महतारी वंदन योजना हो, पं. दीनदयाल उपाध्याय कृषि मजदूर योजना हो, पीएससी घोटाले की सीबीआई जाँच हो, पीएससी में पारदर्शिता से भर्ती करना हो या रामलला दर्शन योजना हो। तेजी से प्रधानमंत्री आवास बन रहे हैं। गरीबों के लिए हम नए सर्वे भी करा रहे हैं। सभी पात्र हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास देने की हमारी योजना है और इस पर आगे बढ़ रहे हैं।

प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सरला कोसरिया, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी एवं प्रदेश प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *