निकाय चुनाव- कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ लाया आरोप पत्र

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगरीय निकाय चुनावी माहौल के बीच कांग्रेस ने आज प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ आरोप पत्र जारी किया। पूरे प्रदेश में कानून व्यवस्था फेल होने समेत और भी कई आरोप कांग्रेस नेताओं ने छत्तीसगढ़ सरकार पर लगाए।

राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज,  पूर्व मंत्री व्दय धनेन्द्र साहू, कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला समेत अन्य नेताओं ने  भाजपा सरकार के खिलाफ राज्य की जनता की ओर से आरोप पत्र प्रस्तुत करते हुए कहा कि बिगड़ चुकी कानून व्यवस्था इस चुनाव में बड़ा मुद्दा है। प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था से आम आदमी डरा हुआ है। हत्या, लूट, बलात्कार, चाकूबाजी के कारण राज्य का हर शहर असुरक्षित है। राजधानी से लेकर मुख्यमंत्री के गृह क्षेत्र तक गोलियां चल रही हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति खराब हो गयी। एसपी कलेक्टर कार्यालय जला दिया गया। हत्याओं का नया रिकॉर्ड बन गया। प्रदेश में मॉब लिंचिंग शुरू हो गई। आरंग में दो लोगों की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। राजधानी में 5 बार गोलीबारी हो गई। गौ तस्करी की घटनाएं शुरू हो गईं। महिलाओं के प्रति अपराधों में बढ़ोतरी हो गई। पोटा केबिन में बच्ची की जलकर मौत हो गई। अबोध बच्ची के मां बनने का मामला सामने आया है। नारायणपुर में मासूम बच्चियों से स्कूल में छेड़खानी हुई। बलात्कार की घटनाएं बढ़ी हैं। लूट, अपराध, डकैती, चाकूबाजी की घटनाएं बढ़ गई हैं। अपराध और अपराधी बेलगाम हो चुके हैं। नक्सलवादी घटनाओं में बढ़ोत्तरी हुई है। सरकार 1 साल में कोई बड़ी नक्सल नीति नहीं बना पाई।

आरोप पत्र के अन्य बिन्दू इस प्रकार रहे-

0 पिछले 1 साल में भाजपा की साय सरकार जनता की उम्मीदों पर विफल साबित हो चुकी है। सरकार से युवा, किसान, महिला, मजदूर, विद्यार्थी, अनुसूचित जाति, जनजाति हर वर्ग के लोग निराश है। सब सरकार से अपने आपको ठगा महसूस कर रहे हैं

0 राज्य में भ्रष्टाचार और कुशासन का दौर हावी है। साय सरकार के 1 साल में विष्णु का सुशासन तो दूर विष्णु की सरकार कही नहीं दिख रही

0 स्थानीय निकायों में  लाई गई दोषपूर्ण आरक्षण नीति के कारण ओबीसी वर्ग सरकार से नाराज है

0 3100 रू. एकमुश्त एवं धान का बढ़ा हुआ समर्थन मूल्य 112 रू., कुल 3217 रू. नहीं मिलने से किसान हताश हैं

0 सरकार के निकम्मेपन के कारण गृह मंत्री के गृह जिले के लोहारीडीह ग्राम में एक व्यक्ति की हत्या कर फांसी पर टांग दिया गया और दूसरे व्यक्ति को घर में जिंदा जला दिया गया। एक निर्दोष को पुलिस ने मार दिया

0 लोहारीडीह मामले में प्रशासन ने अपनी नाकामी छिपाने के लिए गांव के 169 से अधिक निर्दोष लोगों पर फर्जी मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल में डाल दिया

0 बलौदाबाजार में सरकार की लापरवाही के कारण कलेक्टर, एसपी कार्यालय जला दिया गया। इस मामले में बहुत से युवाओं के साथ विपक्ष के नेताओं को षड़यंत्रपूर्वक जेलों में बंद रखा गया

0 पिछली भाजपा की रमन सरकार की तरह साय सरकार में पुनः एक बार अँखफोड़वा कांड हुआ। लापरवाही पूर्वक मोतियाबिंद का ऑपरेशन किए जाने के कारण दर्जनों बुजुर्गों की आंखों की रोशनी चली गई

0 भाजपा सरकार में दबावपूर्वक धर्मांतरण ज़ोर शोर से चल रहा है। धर्मांतरण के लिए दबाव डालने के कारण अब तक तीन लोग आत्महत्या कर चुके हैं और प्रदेश में विवाद की स्थिति बनी हुई है

0 वन रक्षकों, पुलिस आरक्षकों तथा सरकारी नौकरी में हुए भ्रष्टाचार एवं सरकारी नौकरियां बेचे जाने के कारण युवा सरकार से नाराज हैं। विधानसभा चुनाव में 1 लाख नौकरियां देने का वादा किया गया था। एक साल में 20 हजार नौकरियां मिलना था लेकिन एक साल में भर्ती नहीं निकाली गई। युवा ठगे महसूस कर रहे हैं

0 18.5 लाख आवास देने का वादा विधानसभा में किया गया था, लेकिन अभी तक आवास देने के मामले में सरकार कोई कार्य योजना नहीं बना पाई। आवासहीन खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं

0 भाजपा ने 500 रू. में सिलेंडर देने का वादा किया था। 1 साल हो गया 1 भी महिला को सिलेंडर नहीं दिया गया। महिलाएं खुद को ठगा महसूस कर रही हैं

0 गरीबों के मकानों व दुकानों को बुलडोजर से तोड़ा जा रहा है। सरकारी जमीनों पर भाजपा के चहेते कब्जा कर रहे हैं

0 डीजल खरीदी में प्रति लीटर 6.50 रू. की छूट सिर्फ उद्योगपतियों को दी जा रही है। आम जनता, किसान, ट्रांसपोर्ट, आटो, टेम्पो चालक, बस मालिक, ट्रैक्टर चालक, डीजल भट्टी उपयोग करने वाले होटल मालिकों को छूट नहीं दी जा रही है

0 सत्ता के संरक्षण में जगह-जगह अवैध शराब, गांजा, ड्रग्स, नशीली दवाएं बिक रही हैं

0 सरकारी अस्पतालों में मरीजों का इलाज नहीं हो रहा। अस्पतालों में दवाएं, चिकित्सकीय टेस्टिंग की सुविधा नहीं मिल रही है

0 स्कूलों में चाक, डस्टर लेने पैसे नहीं हैं

0 जमीन के रजिस्ट्री की गाईड लाईन दरों में कांग्रेस सरकार के समय किये गये 30 प्रतिशत छूट को समाप्त कर दिया गया, जिससे गरीबों के मकान, प्लाट का सपना टूट गया

0 भाजपा सरकार 5 डिसमिल से कम के छोटे प्लाटों की रजिस्ट्री बंद करने जा रही है। कांग्रेस इसका विरोध करती है। कांग्रेस नगरीय निकायों और पंचायतों में इसको मुद्दा बनाने जा रही है

0 1 साल में बिजली के दाम 4-4 बार बढ़ाये गए। 400 यूनिट की छूट को अघोषित तौर पर समाप्त कर दिया गया

0 1 साल में रेत के दाम 6 गुना, सीमेंट की कीमतें 5-5 बार बढ़ाई गई। भाजपाई सत्ताधीशों और रेत माफियाओं के बीच सांठगांठ हो गई है। रेत के कारोबार में रोज खून बहाया जा रहा है

0 100 दिन में अनियमित/संविदा कर्मियों को नियमित करने की मोदी की गारंटी फेल हो चुकी है। उल्टे बीएड शिक्षकों, विद्या मितान, अतिथि शिक्षक निकाले गए हैं

0 बेरोजगारी भत्ता बंद कर दिया गया। तेंदूपत्ता संग्राहक बीमा योजना बंद हो गई। कोदो, कुटकी, रागी खरीदी बंद हो गई

0 सामाजिक सुरक्षा पेंशन, वृद्धा पेंशन एवं विधवा पेंशन बंद हो गई। पात्र हितग्राही भटक रहे हैं

प्रेस कांफ्रेंस में अमितेष शुक्ल, गुरुमुख सिंह होरा, भुनेश्वर बघेल, दीपक मिश्रा, सकलेन कामदार, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा एवं सत्य प्रकाश सिंह मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *