पहले मोदी की गारंटी के नाम पर ठगा, अब अटल विश्वास पत्र लाकर ठगने की कोशिश- सुशील आनंद

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा व्दारा नगरीय निकाय चुनाव के लिए लाया गया घोषणा पत्र जनता को ठगने वाला घोषणा पत्र है। विधानसभा चुनाव में मोदी की गारंटी के नाम से इन्होंने जो घोषणा पत्र जारी किया था उसे पूरा नहीं कर पाये। जनता का भरोसा उठ गया है तब अटल जी के नाम से अटल विश्वास पत्र जारी किए हैं। भाजपा को पता है मोदी के नाम से जनता वोट नहीं देगी, मोदी की गारंटी फिर नहीं चलेगी। काठ की हांडी बार-बार नहीं चढ़ती, इसीलिये नगरीय निकाय के घोषणा पत्र को ‘अटल विश्वास पत्र’ नाम दिये हैं।

राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भाजपा के घोषणा पत्र में झूठ बोला गया है कि पट्टाधारकों को भू-स्वामी बनायेंगे, जबकि कांग्रेस सरकार के समय जिनको भू-स्वामी बनाया गया था उनके स्वामित्व को रद्द करने इनके मंत्रि मंडल में प्रस्ताव पारित किया गया है। गोठानों को बंद कर दिए हैं और घोषणा पत्र में गोकुल नगर बनाने का झूठा वादा कर रहे हैं। प्रदेश में सिकलसेल, एनीमिया के बजट में कटौती कर दिए हैं फिर निकायों के माध्यम से इसमें नियंत्रण करने का झूठा वादा कैसे कर रहे हैं? भाजपा के घोषणा पत्र में वादा किया गया है कि प्रत्येक माह की 7 तारीख के पहले प्रॉपर्टी टैक्स पटाने पर 10 प्रतिशत की छूट देंगे? यह प्रेक्टिकल संभव नहीं है। जब निर्धारण वार्षिक है, फिर मासिक कैसे छूट देंगे? शुक्ला ने कहा कि आज जो नगरीय निकाय के लिए नया घोषणा पत्र जारी हुआ है वह भी जनता को ठगने भाजपा की नई चाल है।

प्रेस कांफ्रेंस में वरिष्ठ नेता सुरेन्द्र शर्मा समेत अजय साहू, धनंजय सिंह ठाकुर एवं सुरेन्द्र वर्मा उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *