मिसाल न्यूज़
रायपुर। राजधानी रायपुर के कई वार्डों में महापौर प्रत्याशी श्रीमती दीप्ति प्रमोद दुबे ने आज रोड शो कर मतदाताओं से जीत का आशीर्वाद मांगा। नुक्कड़ सभाएं भी हुईं।
रोड शो में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय एवं वरिष्ठ नेता पंकज शर्मा शामिल हुए। कांग्रेस महापौर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे ने आज बालाजी चौक, गुढ़ियारी, कबीर चौक, चौबे कॉलोनी, समता कॉलोनी, टिकरापारा और देवेंद्र नगर सहित कई वार्डों में जनसंपर्क किया। जनसम्पर्क के दौरान उन्होंने जनता से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और रायपुर को एक विकसित और सुव्यवस्थित शहर बनाने का संकल्प लिया। जनसंपर्क अभियान के दौरान श्रीमती दीप्ति दुबे को महिलाओं और युवाओं ने मिलकर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। श्रीमती दुबे ने आश्वस्त किया कि रायपुर नगर निगम में यदि कांग्रेस की सत्ता आती है तो समस्याओं का समाधान अवश्य निकलेगा। कुछ जगह नागरिकों ने लिखित में उन्हें अपनी समस्याओं से अवगत कराया। बीएसयू कॉलोनी के रहवासियों ने बताया कि जब प्रमोद दुबे महापौर थे, तब उन्हें वहां बसाया गया था, लेकिन अब कॉलोनी में रंग-रोगन और सीपेज जैसी समस्याएं आ रही हैं। इस पर श्रीमती दुबे ने आश्वासन दिया कि यदि वे महापौर बनती हैं, तो इन समस्याओं का प्राथमिकता के साथ समाधान किया जाएगा।
दिनभर चले प्रचार अभियान के दौरान श्रीमती दीप्ति दुबे ने शहर के कई प्रमुख इलाकों का दौरा करते हुए कांग्रेस के विकास से जुड़े एजेंडे को जनता से साझा किया। प्रचार के दौरान स्थानीय लोगों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और उनके समर्थन में नारे लगाए। कई स्थानों पर नुक्कड़ सभाएं भी हुईं। नुक्कड़ सभाओं में दीप्ति दुबे ने कहा कि वे रायपुर को एक स्वच्छ, सुगम और समृद्ध शहर बनाने का लक्ष्य लेकर चुनाव लड़ रहीं हैं।