भाजपा ने नारी सम्मान पर प्रहार करने की कोशिश की- दीप्ति प्रमोद दुबे

मिसाल न्यूज़

रायपुर। रायपुर कांग्रेस महापौर प्रत्याशी दीप्ति प्रमोद दुबे ने कहा कि भाजपा ने एक नारी के सम्मान पर प्रहार करने की कोशिश की। सोशल मीडिया में मेरे बारे में ऐसे पोस्टर और मीम बनाये गए जो एक नारी के लिये पीड़ादायक है। मेरा बुर्का पहनाकर कार्टून बनाया गया। मेरी व्यक्तिगत आस्था पर प्रहार करने की कोशिश की गई। इन सब के बावजूद मैंने और मेरी पार्टी के लोगों ने कभी भी अपने विरोधी बहनों की व्यक्तिगत जिंदगी पर कोई भी टिप्पणी नहीं की।

राजीव भवन में आज प्रेस कांफ्रेंस में दीप्ति प्रमोद दुबे ने कहा कि आज चुनाव प्रचार का अंतिम दिन है। मैं और मेरी पार्टी के कार्यकर्ता पूरी मेहनत से सकारात्मक तरीके से चुनाव अभियान में जुटे हुए हैं। हमें संतोष है कि पूरे चुनाव प्रचार के दौरान हमने मर्यादाओं और संस्कारों का पूरा ध्यान रखा। चुनाव अभियान में लगे कांग्रेस के सारे लोगों ने इस बात का पूरा ध्यान रखा कि विपक्ष की जो उम्मीदवार खड़ी हैं वे भी महिला हैं। हमने अपने चुनाव अभियान की गरिमा को गिरने नहीं दिया। कभी भी कोई व्यक्तिगत प्रहार हमारी ओर से नहीं किया गया। हम जनता और रायपुर के विकास के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। मुझे दुख है कि हमारे विपक्ष के जो लोग मैदान में है उन्होंने मर्यादा को तोड़ा। मेरा इस चुनाव में लक्ष्य शहर का विकास, शहर की सुंदरता, साफ-सुथरा माहौल देने का है। पूरे चुनाव अभियान शहर की जनता ने मुझे भरपूर स्नेह दिया। मैं जिन मुहल्लों में, गलियों में गई लोगों ने मुझे सर आंखों पर बिठाया। बड़ा शहर है, मैंने कोशिश की हर जगह, हर वार्ड, हर मुहल्ले में व्यक्तिगत पहुंच पाऊं, लेकिन सभी जगह समयाभाव में नहीं पहुंच पाई। लेकिन चुनाव जीतने के बाद महापौर के रूप में हर घर पहुंचूंगी यह मेरा वादा है। रायपुर को धूल मुक्त, सहज यातायात वाला स्वच्छ शहर बनाना, बच्चों को बेहतर शिक्षा, माताओं-बहनों को स्वाभिमान से भय मुक्त शहर दे सकूं, यह मेरा लक्ष्य है। ऐसा रायपुर बनाना है जहां ठेले वाले से लेकर बड़े व्यवसायी तक निर्भीक होकर अपना काम कर सकें। सबके परामर्श से सबके सहयोग से उनके अपने शहर को खूबसूरत शहर बनाना मेरा सपना है। चुनाव अभियान के दौरान जनता ने जो प्यार दिया उससे मुझे पूरा भरोसा है जीत हमारी होगी।

प्रेस कांफ्रेंस में कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी नगरीय निकाय चुनाव हारने जा रही है। पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ वातावरण है। 1 साल में साय सरकार जनता की आकांक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाई। भाजपा के पास जनता को बताने के लिए अपनी उपलब्धि के नाम पर कुछ नहीं है। यही कारण है कि भाजपा जनता में भ्रम फैलाकर चुनाव लड़ रही है। रायपुर सहित प्रदेश के हर निकाय क्षेत्र में महतारी वंदन के और आवास के फार्म भरवा रहे हैं। पात्र महिलाओं को महतारी वंदन की राशि नहीं दे रहे हैं। अब निगम चुनाव में फिर महिलाओं को ठगने महतारी वंदन का फार्म भरवा रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास के नाम पर भी भाजपा ने जनता को ठगने का काम किया है। वादा था 18.5 लाख आवास बनायेंगे लेकिन सरकार में आने के बाद एक भी आवास नहीं बनाया। अब निकाय चुनाव में फिर आवास का फार्म भरवा रहे।

प्रेस कांफ्रेंस में पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि भाजपा झूठ की बुनियाद पर चुनाव लड़ रही है। 15 साल सरकार में थे तब सड़क चौड़ीकरण की याद नहीं आई। 1 साल से सरकार में है कोई प्रयास नहीं किया। शहर में जो चौपाटी बनी है उसको तोड़ रहे हैं और वार्डों में चौपाटी बनाने की बात कर रहे हैं। हमर अस्पताल का नाम बदलकर मोर अस्पताल करने की बात कर रहे हैं। भाजपा राज में रायपुर में अपराध बढ़ गया। महिलाएं असुरक्षित हैं। लूट, डकैती, गोलीबारी हो रही है। भाजपा को सबक सिखाने जनता कांग्रेस के पक्ष में मतदान करेगी।

प्रेस कांफ्रेंस को वरिष्ठ नेता राजेन्द्र तिवारी, विकास उपाध्याय एवं पंकज शर्मा ने भी संबोधित किया।

प्रेस कांफ्रेंस में महेन्द्र छाबड़ा, सुबोध हरितवाल, दीपक मिश्रा, सकलेन कामदार, धनंजय सिंह ठाकुर, सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी, दिलीप चौहान एवं राजेश चौबे उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *