मिसाल न्यूज़
रायपुर। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बंगले की तथाकथित रेकी का मामला आज विधानसभा में गूंजा। विपक्ष का आरोप था कि कांग्रेस कई क्षेत्रों में अपना जनपद अध्यक्ष एवं जिला पंचायत बना सकने की स्थिति में है। यही कारण है कि सरकार कांग्रेस नेताओं को टारगेट में रख तरह-तरह के हथकंडे अपना रही है। प्रश्नकाल के दौरान सारे कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए गर्भ गृह में आ गए और स्वमेव निलंबित हो गए। निलंबित विपक्षी विधायकों ने सदन से बाहर जाने के बाद आज विधानसभा की दिन भर की कार्यवाही का बहिष्कार किया।
प्रश्नकाल के शुरु होते ही कांग्रेस विधायक उमेश पटेल ने कहा कि एक बड़ी घटना घटी है। इसे पहले कि वह अपनी बात को पूरी कर पाते भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कहा कि प्रश्नकाल में भाषण नहीं होता। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विपक्षी विधायकों से कहा कि प्रश्नकाल हो जाने दीजिए। मैं आप लोगों को बोलने का पूरा मौका दूंगा। उमेश पटेल ने कहा कि हमारी पार्टी के बड़े नेताओं के ठिकानों की रेकी हो रही है। पटेल के अलावा अन्य दूसरे विधायक भी जोरों से अपनी बात कहने लगे। नारेबाजी शुरु हो गई। विधानसभा अध्यक्ष ने फिर कहा कि प्रश्नकाल हम सब के लिए काफी महत्वपूर्ण है, लेकिन नारेबाजी होती रही। विपक्षी विधायकगण रेकी करना बंद करो के अलावा और दूसरे भी नारे लगाने लगे। विपक्ष की तरफ से आवाज उठने लगी कि ये एडिशनल एसपी वर्मा कौन है? शोर शराबा नहीं थमते देख विधानसभा अध्यक्ष को सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित करनी पड़ी।
सदन की कार्यवाही दोबारा शुरु होने पर कांग्रेस विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया ने कहा कि पुलिस विभाग के लोग दंतेवाड़ा से यहां आकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के घर की रेकी कर रहे हैं। श्रीमती भेड़िया के यह कहने पर सत्ता पक्ष के विधायकों ने आपत्ति की, जिसके विरोध में विपक्षी विधायकों ने फिर से नारेबाजी शुरु कर दी। शोर शराबे के बीच उमेश पटेल ने कहा कि ईडी के दम पर डराने की कोशिश की जा रही है। छत्तीसगढ़ की सरकार यह जान चुकी है कि हम अधिकांश जगहों पर जनपद अध्यक्ष व जिला पंचायत अध्यक्ष बनाने की स्थिति में हैं, इसलिए जान-बूझकर तरह-तरह की रुकावटें पैदा की जा रही हैं। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि प्रश्नकाल महत्वपूर्ण होता है। शून्य काल में आप लोगों को बोलने का पूरा मौका दूंगा। अध्यक्ष ने प्रश्न करने भाजपा विधायक लता उसेन्डी का नाम पुकारा। इस बीच सारे कांग्रेस विधायकगण गर्भ गृह में आकर नारेबाजी करने लगे। नारेबाजी के बीच लता उसेंडी एवं स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल के बीच सवाल-जवाब होते रहा।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि नियम प्रक्रिया के तहत विपक्षी विधायक सदन में आकर स्वमेव निलंबित हो गए हैं, वे सदन के बाहर चले जाएं। इसके साथ ही सारे कांग्रेस विधायक नारेबाजी करते हुए सदन के बाहर चले गए। साथ ही आज दिन भर की सदन की कार्यवाही का बहिष्कार किया।