मिसाल न्यूज़
रायपुर। विधानसभा में आज कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल ने आरोप लगाया कि ओड़िशा तरफ से अवैध रूप से धान बस्तर में लाकर बेचा गया है।
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक लखेश्वर बघेल का सवाल था कि बस्तर संभाग अंतर्गत जिलों में धान खरीदी वर्ष 2024-25 के दौरान अवैध रूप से धान संग्रहित कर रखने व परिवहन करते समय कहां-कहां व कितने क्विंटल धान की जब्ती की गई? खाद्य मंत्री दयालदास बघेल की ओर से जवाब आया कि बस्तर संभाग अंतर्गत जिलों में धान खरीदी वर्ष 2024-25 के दौरान अवैध रुप से धान संग्रहण एवं परिवहन के निर्मित प्रकरणों में 7117.67 क्विंटल धान की जब्ती की गई। राजीनामा कर दोषी लोगों से राशि वसूली गई है।
लखेश्वर बघेल ने कहा कि ओडिशा बार्डर से मेरा विधानसभा क्षेत्र लगा हुआ है। भारी मात्रा में अवैध रूप से ओड़िशा से धान आ रहा है। सवाल यह है कि मेरे क्षेत्र में उत्पादन ज्यादा हुआ नहीं तो फिर इतना धान कहां से आ रहा है? आलम यह है एक किसान जिसके पास मात्र 5 एकड़ जमीन है वह 1200 क्विंटल धान रखा था। उसके पास दूसरों का दिया हुआ धान था। शासन एवं प्रशासन के संरक्षण में अवैध धान खीदी हुई है। कलेक्टर व अन्य अधिकारी सुनते नहीं इसलिए इस मामले को विधानसभा में उठाना पड़ रहा है। सवाल यह है कि अनावरी की रिपोर्ट कैसे बढ़ गई? दोषी लोगों के खिलाफ क्या कार्यवाही होगी? इस पर खाद्य मंत्री ने कार्यवाही का आश्वासन दिया।