28 को पेश होगा नगर निगम का बजट… सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा- सामान्य सभा में विषय, तथ्य एवं तर्क पर रहेगा जोर

● सदन में अब नहीं चलेगा चाय, नाश्ता-पानी

● मोबाइल पर बात या रिकॉर्ड करते दिखे तो होगा जब्त

मिसाल न्यूज़

रायपुर। नगर निगम के नये सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि बजट की सामान्य सभा 28 मार्च को होने जा रही है। अब जो भी सामान्य सभाएं होंगी उनमें विषय, तथ्य एवं तर्क का विशेष स्थान होगा। इन तीनों के साथ जो भी पार्षद अपनी बात रखेगा, उसे सदन में बोलने का पर्याप्त अवसर दिया जाएगा।

निगम मुख्यालय में आज अपने कक्ष में प्रेस कांफ्रेंस में सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि  बजट की सामान्य सभा शुक्रवार को 11 बजे शुरु होगी। 11 से 12 बजे तक प्रश्नकाल होगा। 12 बजे के पश्चात् महापौर मीनल चौबे बजट पेश करेंगी। बजट भाषण के बाद एजेन्डे पर चर्चा होगी। रायपुर नगर निगम राजधानी का नगर निगम कहलाता है। इस बार सामान्य सभा की व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन किया गया है। आसंदी के पीछे एलईडी लगी होगी। कौन पार्षद अपनी बात रख रहा है वह स्पष्ट नजर आएगा। पूर्व में चलती सामान्य सभा के बीच पार्षद चाय-नाश्ता करते दिख जाते थे। अब से ऐसा नहीं होगा। चाय नाश्ता सदन के बाहर ही होगा। सामान्य सभा के दौरान मोबाइल पर बात करने, वीडियो देखने या रिकॉर्ड करने पर प्रतिबंध होगा। जो कोई इस नियम को तोड़ता नजर आएगा उसका मोबाइल जब्त होगा। नगर निगम का अपना अलग संविधान है। इस बार बहुत से नये पार्षद जीतकर आए हैं। सभी को नगर निगम एक्ट की पुस्तक उपलब्ध कराई जा रही है। चूंकि इस बार 90 प्रतिशत पार्षद नये जीतकर आए हैं, अतः उनकी निगम में कार्यप्रणाली कैसी हो और वे सामान्य सभा में अपनी बात को कैसे रखें, इसके लिए भविष्य में प्रशिक्षण रखा जाएगा। इसके लिए निगम कमिश्नर को निर्देशित कर दिया गया है। मुम्बई, दिल्ली एवं भुवनेश्वर में ऐसी एजेन्सी हैं जो नगरीय निकाय के निर्वाचित जन प्रतिनिधियों को प्रशिक्षण देने का काम करती हैं। भविष्य में इन तीनों में से किसी एक शहर की एजेन्सी की सेवाएं ली जाएगी। राठौड़ ने कहा कि भाजपा के 60, कांग्रेस के 7 एवं 3 निर्दलीय पार्षद हैं। सभी पार्षदों को सदन में अपनी बात रखने का पूरा अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *