मिसाल न्यूज़
रायपुर। रायपुर नगर निगम के 9 जोन अध्यक्षों (जोन 2 को छोड़कर) का चुनाव 3 अप्रैल को सभी जोन दफ्तरों में होने जा रहा है। पहले इन सभी 9 जोन अध्यक्षों का चुनाव निगम मुख्यालय में होने की जानकारी सामने आई थी, जिसमें संशोधन किया गया। अब चुनाव अलग-अलग जोनों में होंगे। जोनों के जोन कमिश्नर चुनाव अधिकारी होंगे। चूंकि 70 में से 60 पार्षद भाजपा से हैं, इसलिए पूरी संभावना है कि सभी 9 जोनों में चुनाव निर्विरोध होगा।
सूत्रों के मुताबिक 17 मार्च को महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने जब मेयर इन कौंसिल के सदस्यों की घोषणा की थी, उसी दिन जोन अध्यक्षों के नाम तय कर लिए गए थे। इंतज़ार किया जा रहा था नगर निगम के बजट पेश होने का। 28 मार्च को बजट पेश हो जाने के बाद 3 अप्रैल की तारीख तय करने में देर नहीं लगी। माना जा रहा है कि एमआईसी की तरह जोन अध्यक्षों के चयन में भी रायपुर के चारों विधायकों की पसंद का ध्यान रखा गया है। चूंकि सभापति का वार्ड जिस जोन में आता है वह उस जोन के पदेन अध्यक्ष होते हैं। इस तरह सभापति सूर्यकांत राठौर पहले ही जोन 2 अध्यक्ष का पदभार संभाल चुके हैं। अब बारी बाकी 9 जोनों की है।
जोन अध्यक्षों के संभावित नाम
जोन 1- गज्जू साहू
जोन 3- श्रीमती साधना प्रमोद साहू
जोन 4- मुरली शर्मा
जोन 5- अम्बर अग्रवाल
जोन 6- बद्री गुप्ता
जोन 7- श्वेता विश्वकर्मा
जोन 8- प्रीतम ठाकुर
जोन 9- गोपेश साहू
जोन 10- सचिन मेघानी
सभी जोन दफ्तरों में जोन अध्यक्षों का चुनाव अपरान्ह 12:30 बजे प्रारम्भ होगा। नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप व्दारा समस्त कार्यवाही हेतु निर्वाचन सह पीठासीन अधिकारी अपर आयुक्त दव्य पंकज के. शर्मा एवं विनोद पाण्डेय नियुक्त किए गए हैं। 12:30 बजे से 12ः45 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जाएंगे। 1 बजे से 1.15 बजे तक अभ्यर्थी नाम वापस ले सकेंगे। यदि आवश्यक हुआ तो 1:15 से 1ः45 बजे के बीच मतदान होगा। मतदान के तत्काल बाद मतगणना होगी व परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।