मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम की विशेष सामान्य सभा 29 अप्रैल को 11 बजे रजबंधा स्थित शहीद स्मारक भवन में होने जा रही है। नगर निगम के इतिहास में यह पहला मौका होगा जब विशेष सामान्य सभा निगम मुख्यालय की जगह किसी अन्य ख़ास जगह पर होने जा रही है। सभा का एकमात्र एजेंडा होगा- एक राष्ट्र एक चुनाव।
नगर निगम सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने बताया कि एक राष्ट्र, एक चुनाव के समर्थन में प्रस्ताव पर अनुमोदनार्थ यह विशेष सभा आहूत की गई है। एक राष्ट्र एक चुनाव का मुख्य उद्देश्य लोकसभा और सभी राज्यों के विधानसभा चुनाव एक साथ कराना है, ताकि समय, संसाधन और प्रशासनिक खर्चों की बचत हो सके तथा देश के विकास कार्यों में निरंतरता बनी रहे। बार-बार चुनाव कराने से भारी प्रशासनिक खर्च होता है और संसाधनों की बर्बादी होती है। एक साथ चुनाव से चुनावी खर्चों में कमी आएगी। सुरक्षा बलों, शिक्षकों और प्रशासनिक अधिकारियों को बार-बार की चुनावी ड्यूटी से मुक्त किया जा सकेगा एवं प्रशासनिक कार्यों में गति आएगी। बार-बार लगने वाली चुनावी आदर्श आचार संहिता के कारण विकास कार्यों से जुड़ी परियोजनाएं प्रभावित तो होती ही हैं, सरकारी भर्तियां रूक जाती हैं। एक साथ चुनाव होने से यह सब बाधाएं दूर होंगी।