वक्फ सुधार जनजागरण अभियान छत्तीसगढ़ में 1 से 10 मई तक- किरण सिंह देव

मिसाल न्यूज़

रायपुर। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव ने जानकारी दी कि कि केन्द्र सरकार द्वारा वक्फ (संशोधन) कानून और मुसलमान वक्फ (निरसन) कानून के संसद में पारित होने के पश्चात् पार्टी द्वारा वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के अंतर्गत छत्तीसगढ़ में 1 मई से लेकर 10 मई तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के अंतर्गत केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह का प्रवास होगा। इस दौरान वे आउटरीच गतिविधियों और कार्यक्रमों में शामिल होंगे।

एकात्म परिसर में आज प्रेस कांफ्रेंस में किरण सिंह देव ने बताया कि केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह अपने छत्तीसगढ़ प्रवास में वक्फ सुधार जनजागरण अभियान के बारे में मीडिया को जानकारी देंगे। इसे पीछे उद्देश्य वक्फ संशोधन अधिनियम के बारे में जागरूकता फैलाना है। वे इसके लाभ बताते हुए कांग्रेस के दौर में वक्फ के दुरुपयोग (विशेष रूप से 2013 के संशोधन) की तरफ ध्यान आकर्षित करेंगे। किरण देव ने कहा कि भाजपा सरकार मुस्लिम समुदाय के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। जितेन्द्र सिंह अपने प्रवास में वक्फ़ बोर्ड द्वारा स्थानीय स्तर पर किए गये अवैध अतिक्रमण के मुद्दे को भी उजागर करेंगे।

किरण देव ने कहा कि यह पहल स्थानीय स्तर पर मुस्लिम नागरिकों के साथ अनौपचारिक और ईमानदार संवाद को प्रोत्साहित करने का उद्देश्य रखती है।वक्फ बोर्ड कानून को लेकर कांग्रेस द्वारा गलत जानकारी लोगों तक फैलाई जा रही है। इसकी वास्तविकता को लेकर हम समाज तक जा रहे हैं। इसका सबसे अधिक नुकसान मुस्लिम समाज को हुआ है। चंद प्रभावशाली लोगों के हाथों में होने की वजह से इस संपत्ति का लगातार गलत उपयोग किया गया।

प्रेस कांफ्रेंस में भाजपा प्रदेश महामंत्री व नान अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, प्रदेश मीडिया प्रभारी अमित चिमनानी एवं सोशल मीडिया संयोजक सोमेश पाण्डेय मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *