मिसाल न्यूज़
रायपुर।ख्याति प्राप्त संगीत गुरु पंडित गुणवंत माधवलाल व्यास की 86 वीं जयंती पर दो दिवसीय गुनरस पिया संगीत समारोह का आयोजन राजधानी रायपुर में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व वरिष्ठ अधिकारी (आईएएस) अनुराग पाण्डे तथा विशेष अतिथि प्रसिद्ध न्यूरो लॉजिस्ट डॉ एच पी सिन्हा थे।
अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन एवं गुरु जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कु. जीवा तिवारी ने राग–बिहाग में रचित ताल–तीन ताल में निबद्ध सरस्वती स्तवन–जय शारदे सरस्वती माता की प्रस्तुति दी। कौशल महंत द्वारा रचित और दीपक व्यास द्वारा स्वरबद्ध गुरुवंदन–वाग्देवी के वरद पुत्र, संगीत शस्त्र के ज्ञाता थे… को संस्थान के सभी सदस्यों ने समवेत स्वर में प्रस्तुत किया। इसमें सुशील गोल्हानी ने तबले एवं विनोद संघवी ने की बोर्ड पर संगत की। कलाकार श्रीमती नीरजा वाघ, डॉ सानिका रूईकर, श्रीमती विशाखा मंगदेएवं ईशान बेलगे ने गुनरस पिया की विभिन्न शास्त्रीय रचनाओं को प्रस्तुत किया। इनके साथ तबले पर अशोक कुर्म एवं संवादिनी पर लालाराम लोनिया ने सुंदर संगत दी।
मुख्य अतिथि अनुराग पाण्डे ने अपने उद्बोधन में संस्थान के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शास्त्रीय संगीत के संवर्धन और संरक्षण की दिशा में बहुत कम संस्थाएं कार्य कर रही हैं। पण्डित गुणवंत माधावलाल व्यास स्मृति संस्थान के कार्य मील का पत्थर साबित होंगे। विशिष्ट अतिथि डॉ एच.पी. सिन्हा ने संस्थान के कार्यों की सराहना की। उद्घोषिका श्रीमती शुभ्रा ठाकुर ने गुरु जी का परिचय दिया। संस्थान के कार्यों को कु. कावेरी व्यास ने पढ़ा।