मिसाल न्यूज़
रायपुर। नगर निगम के जोन 8 में कल जो उपद्रव हुआ उस पर आज निगम के अफसरों व कर्मचारियों का जमकर गुस्सा फूटा। सारे निगम अधिकारी-कर्मचारी आज हड़ताल पर रहे। कलेक्टर गौरव सिंह को स्वयं इस गंभीर मसले को संज्ञान में लेना पड़ा।

आज नगर निगम मुख्यालय समेत सभी 10 जोनों के अधिकारी-कर्मचारी एक दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर रहे। जोन 8 की घटना के विरोध में निगम मुख्यालय में अधिकराियों व कर्मचारियों ने जमकर नारेबाजी की। कलेक्टर गौरव कुमार सिंह ने आंदोलनरत् अधिकरियों-कर्मचारियों के प्रतिनिधि मंडल को बातचीत के लिए बुलाया। निगम अपर कमिश्नर यू. एस. अग्रवाल, प्रभारी अपर कमिश्नर श्रीमती कृष्णा खटीक, डिप्टी कमिश्नर डॉक्टर अंजलि शर्मा, जोन कमिश्नर श्रीमती राजेश्वरी पटेल, आर. के. डोंगरे, रमेश जायसवाल, संतोष पाण्डेय, विवेकानंद दुबे, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, रायपुर नगर निगम कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव, उपाध्यक्ष मोहित कुमार एवं श्याम सोनी ने कलेक्टर को सारे घटनाक्रम से अवगत कराया। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर को बताय़ा कि निगम के जोन 8 की टीम ने अवैध कब्जा हटाने का कार्यवाही की थी। एक अवैध कब्जाधारी महिला और उनके परिवार के लोग 4 जून को जोन 8 कार्यालय पहुंचे और जमकर उपद्रव बचाए। खूब गाली-गलौच हुई। अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर प्राणघातक हमला भी हो सकता था। प्रतिनिधि मंडल ने कलेक्टर से मांग की कि दोषी लोगों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और अधिकारियों व कर्मचारियों को सूरक्षा प्रदान की जाए। कलेक्टर ने उपद्रव करने वाले सभी आरोपियों क खिलाफ विधि अनुरूप कड़ी कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इस संबंध में उन्होंने तत्काल एसएसपी लाल उमेद सिंह से चर्चा भी की।
रायपुर नगर निगम कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने बताया कि कलेक्टर के आश्वासन के पश्चात् संघ ने काली पट्टी लगाकर कार्य करने के अपने निर्णय को स्थगित कर दिया। संघ के पदाधिकारियों, अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा महापौर श्रीमती मीनल चौबे तथा निगम कमिश्नर विश्वदीप से मिलकर चर्चा की जाएगी। उसके उपरांत ही अगला कोई सामूहिक निर्णय लिया जायेगा।

