मिसाल न्यूज़
रायपुर। राज्य नगरीय निकाय के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी रायपुर नगर निगम के उपायुक्त ए. के. हालदार को आज सेवानिवृत्त होने पर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़ एवं नगर निगम कमिश्नर विश्वदीप ने निगम मुख्यालय के सभागार में बुके, श्रीफल, शाल, स्मृति चिन्ह प्रदत्त कर सम्मानित किया।
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने ए.के. हालदार द्वारा लगातार 6 वर्ष रायपुर नगर निगम में सेवाएं देने को सराहा व कहा कि उनकी स्पष्टवादिता सराहनीय रही है। सभापति ने उनके उज्जवल भविष्य, स्वस्थ सुखी जीवन हेतु हार्दिक शुभकामनाएं दी। सभापति ने निगम कमिश्नर से अनुरोध किया कि सेवानिवृत्त होने वाले निगम अधिकारियों व कर्मचारियों का सेवानिवृत्ति दिवस पर सम्मान किया जाना चाहिए और उनके जमा राशि का भुगतान तत्काल किया जाना चाहिए।
निगम कमिश्नर विश्वदीप ने हालदार द्वारा नगर निगम की सेवा निष्ठा, लगन, कड़ी मेहनत से करके अपनी जिम्मेदारियों का वहन करने को सराहा। विश्वदीप ने प्रभारी अपर आयुक्त सामान्य प्रशासन श्रीमती कृष्णा खटीक को सेवानिवृत्ति दिवस पर निगम के सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सम्मान कार्यक्रम मुख्यालय में रखे जाने एवं जमा राशि का भुगतान किए जाने के निर्देश दिए।
हालदार ने अपने प्रशासनिक सेवाकाल के संबंध में संस्मरण सुनाएं। उन्होने लगातार 43 वर्षों तक नगरीय निकायों की सेवा निष्ठापूर्वक ईमानदारी से की। इस दौरान वे अंबिकापुर, चिरमिरी एवं धमतरी नगर निगमों में निगम कमिश्नर भी रहे। उनके कार्यकाल में अंबिकापुर नगर निगम को नगर पालिका श्रेणी में 1 लाख जनसंख्या श्रेणी में स्वच्छ भारत मिशन की स्वच्छता रैंकिंग में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ था।
अपर कमिश्नरगण राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता, यू.एस. अग्रवाल, विनोद पाण्डेय, श्रीमती कृष्णा खटीक, जोन कमिश्नर अरूण ध्रुव ने हालदार के सेवाकाल को सराहते हुए उनके संबंध में संस्मरण सुनाए। कार्यक्रम का संचालन व आभार प्रदर्शन अपर कमिश्नर विनोद पाण्डेय ने किया। इस अवसर पर सभी जोन कमिश्नर, उपायुक्तगण, कार्यपालन अभियंता, सहायक अभियंता, निगम अधिकारी, कर्मचारीगण बड़ी संख्या में उपस्थित थे।