मिसाल न्यूज़
रायपुर। राजधानी के साइंस कॉलेज मैदान में बरसते पानी में हजारों की संख्या में लोग कांग्रेस किसान, जवान, संविधान जनसभा में शामिल हुए। कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि इतनी बारिश के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश कम नही हुआ। आप जैसे कार्यकर्ताओं के रहते कांग्रेस पार्टी को कोई नहीं हरा सकता।
छत्तीसगढ़ में महाअधिवेशन हुआ जिसमें अध्यक्ष बनने के बाद अब यहां आया हूं। केन्द्र की भाजपा सरकार अपने दम पर सरकार नहीं बना सकी और 240 सीट पर सिमट गयी। कांग्रेस पार्टी को कुछ और सीटें मिल जातीं तो हम सरकार बना लेते लेकिन ऐसा हो नहीं सका। केन्द्र सरकार ईडी, आईटी का दुरूपयोग कर रही है। अधिवेशन के समय ईडी का छापा मारा गया था और हमारे नेताओं को परेशान किया गया लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं। हम सभी मजबूती के साथ लड़ेंगे और आगे बढ़ेंगे। नेशनल हेराल्ड मामले में राहुल गांधी और सोनिया गांधी को ईडी परेशान कर रही है। जबकि यह स्वतंत्रता संग्राम के दौरान आजादी के लड़ाई के समय पं. जवाहरलाल नेहरू ने नेशनल हेराल्ड पेपर निकाला था जो आजादी की लड़ाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी।
जब छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार थी तब हर वर्ग के लिये कार्य किये गये। किसानों का कर्ज माफ किया गया। एमएसपी बढ़ाया। आत्मानंद स्कूल खोले गए। छत्तीसगढ़ की संस्कृति और समृद्धि का ध्यान दिया गया लेकिन प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही इन सब योजनाओं को बंद कर दिया गया। प्रदेश की भाजपा सरकार ने किसानों, युवाओं के साथ धोखा किया है। भाजपा हमेशा झूठ बोलती है। मोदी सरकार ने कहा था कि दो करोड़ नौकरी देंगे, एमएसपी डबल करेंगे, सबके खाते में 15 लाख आएंगे यह सब जुमला था। छत्तीसगढ़ की सरकार दिल्ली से चल रही है। यहां के मुख्यमंत्री दिल्ली के ईशारे पर काम करते हैं। प्रदेश में जब कांग्रेस की सरकार थी तब बहुत सारी जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई गईं लेकिन भाजपा सरकार ने इन योजनाओं को बंद करने के बावजूद 37 हजार करोड़ कर्ज लिया। भाजपा सरकार ने 67 नई शराब दुकानें खोली है और नकली शराब जनता को परोस रही है। कांग्रेस की सरकार ने एसटी, एससी, ओबीसी के लिये आरक्षण देने के लिये बिल पास किया था लेकिन भाजपा के दबाव के कारण राज भवन में रोके रखा है।
खड़गे ने कहा कि पहलगाम घटना के बाद विपक्षी दलों ने सर्वदलीय बैठक बुलाई उसमें नरेन्द्र मोदी शामिल नहीं हुए और बिहार चुनाव प्रचार करने चले गए। मणिपुर जल रहा है मोदी एक बार भी वहां नही गए। राहुल गांधी वहां दो बार जाकर आ गए। वहीं से पदयात्रा शुरू की थी। मोदी जी आप क्यों नहीं जा सकते?
कांग्रेस राष्ट्रीय महासिचव एवं छत्तीसगढ़ प्रभारी सचिन पायलट ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि किसान, जवान, संविधान जनसभा में कार्यकर्ताओं का जो जोश है हमें उस पर फक्र है। इतनी बरसात के बावजूद कार्यकर्ताओं का जोश कम नहीं हुआ। विपरीत परिस्थतियों के बावजूद सभी कार्यकर्ता डटे हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार छत्तीसगढ़ में कोई काम नहीं कर पा रही है। प्रदेश में स्कूल बंद हो रहे हैं। खाद वितरण बंद है। नई नौकरियों के रास्ते बंद हैं। प्रदेश में जंगल कटाई, चाकूबाजी, अन्याय, अत्याचार हो रहा है। छत्तीसगढ़ की सरकार दिल्ली से कंट्रोल हो रही है। जिस प्रकार 2018 के विधानसभा चुनाव के समय कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने एकजुटता से चुनाव लड़ा था और सरकार बनी थी उसी प्रकार से 2028 के विधानसभा चुनाव सबको एकजुट होकर चुनाव लड़ना और फिर से कांग्रेस की सरकार बनाना है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि डेढ़ साल में भाजपा की सरकार ने छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर दिया। किसान बदहाल हुआ है। भाजपा सरकार ने वादा किया था 1 लाख लोगों को सरकारी नौकरी देंगे। छत्तीसगढ़ में गली-गली शराब बिक रही है। बस्तर से लेकर सरगुजा तक नक्सलवाद के सफाया के नाम से भाजपा की सरकार ने जल, जंगल और जमीन, खनिज संसाधन को हड़पने का काम किया। हम सवाल उठाते रहे कि लगातार अमित शाह बस्तर क्यूं आ रहे हैं? क्या छत्तीसगढ़ की खनिज संसाधन को अपने निजी चहते उद्योगपतियों को सौंपना चाहते हैं? भाजपा की सरकार में रेत माफियाओं का आतंक चरम पर है। रेत के खदानों में गोलियां चल रही हैं।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने सभा को संबोधित करते हुये कहा कि छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव का 3 दिसंबर 2023 को रिजल्ट आउट हुआ और 13 दिसंबर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को बनाया गया जो आदिवासी परिवार से हैं। 13 दिसंबर को उनकी शपथ के पहले ही 11 दिसंबर को हसदेव बराज में 225 एकड़ क्षेत्र में पेड़ों को काट दिया गया। तमनार में कांग्रेस विधायक विद्यावति सिदार को पेड़ काटने से रोकने पर नजरबंद किया गया। गृह मंत्री आते हैं और बस्तर में जाकर कहते हैं कि यहां के तेंदूपत्ता आदिवासी नहीं विभाग के लोग तेंदूपत्ता चुनने का काम करेंगे जिससे 300 करोड़ का नुकसान आदिवासी को होता है। बीजापुर में मात्र 10 प्रतिशत तेंदूपत्ता तोड़ा जाता है जो गरीब आदिवासी के जीवन में आर्थिक समृद्धि का आधार है। आदिवासी परिवार का मुख्यमंत्री होते हुये भी आज तक एक भी वन अधिकार पट्टा नहीं बंटा है। एक पेड़ मां के नाम से लगाने वाले लोग किसके नाम से पेड़ काट रहे हैं? धान में पिछले साल 45 लाख टन फर्जी खरीदी की गई। दूसरे साल 40 लाख टन फर्जी तरह से खरीदी की गई। आज बीज और खाद के लिये किसान तरस रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल सभा को संबोधित करते हुये कहा कि जुलाई का महीना है। स्कूलें खुल गई हैं लेकिन कापी, किताब नहीं मिल रही है। किसानों के भविष्य को बर्बाद करने के लिये ये डबल इंजन की सरकार केवल विष्णुदेव सरकार जिम्मेदार नहीं है, बल्कि केन्द्र की मोदी और शाह सरकार भी जिम्मेदार है। आज देश के किसान और छत्तीसगढ़ के किसान को डीएपी खाद के लिये तरसा दिये हैं। 21 क्विंटल का नारा भाजपा की सरकार ने दे दिया था, लेकिन किसानों का धान उत्पादन 21 क्विंटल प्रति एकड़ नहीं होगा, क्योंकि सोसायटी में खाद नहीं है। किसान नकली खाद खरीदने के लिये बाध्य हैं। बस्तर में संसाधनों का लूट का विरोध करने वाले आदिवासियों को डराया जा रहा है। नक्सली बताकर जेल भेजा जा रहा है।
पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में जनता का हाल बदहाल है। किसानों को डीएपी नही मिल रही है और बाजार में महंगे दर से खरीदना पड़ रहा है। रबी फसल के लिये किसानों को पानी नही दिया गया। अब खरीफ में खाद, बीज के लिये भटक रहे किसानों को बिजली की व्यवस्था भी नही मिल पा रही है। कांग्रेस सरकार के दौरान गर्मी के दिनों में भी किसानों का धान बिकता था। भाजपा सरकार में किसानों का बुरा हाल है। प्रदेश में अपराध चरम सीमा पर है।
सभा में सांसद ज्योत्सना महंत, फूलोदेवी नेताम, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष धनेन्द्र साहू, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण शर्मा, पूर्व मंत्री ताम्रध्वज साहू, रविन्द्र चौबे, उमेश पटेल, अमरजीत भगत, जयसिंह अग्रवाल, डॉ. शिवकुमार डहरिया, अनिला भेड़िया, मोहम्मद अकबर, अमितेष शुक्ल, प्रेमसाय सिंह टेकाम, मोहन मरकाम, पूर्व सांसद छाया वर्मा, प्रभारी सचिव द्वय एस.ए. संपत कुमार, जरिता लैतफलांग, विजय जांगिड़, पूर्व विधायक अनीता शर्मा, विधायक उपाध्याय, विधायकगण अटल श्रीवास्तव, चातुरी नंद, कविता प्राण लहरे, रामकुमार यादव, सौरभ सिंह, लखेश्वर बघेल, विक्रम मंडावी, सावित्री मंडावी, हर्षिता बघेल, संगीता सिन्हा, शेषराज हरबंश, व्यास कश्यप, देवेन्द्र यादव, इन्द्र साव, जनक राम ध्रुव, विद्यावती सिदार, संदीप साहू, यशोदा वर्मा, दिलीप लहरिया, प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, सुशील आनंद शुक्ला, राजेन्द्र तिवारी, रवि घोष, गुरूमुख सिंह होरा, अरूण सिंघानिया, अरूण वोरा, एजाज ढेबर, प्रमोद दुबे, दीपक मिश्रा, विजय पांडेय, कन्हैया अग्रवाल, केशव चंद्राकर एवं अभिषेक मिश्रा उपस्थित थे।