किरण देव का आरोप- सीएसआर मद से मेरे क्षेत्र में नहीं हो रहा काम…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। विधानसभा में आज भाजपा विधायक किरण सिंह देव ने सीएसआर मद से उनके विधानसभा क्षेत्र में किसी भी तरह का कार्य नहीं होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मैंने बहुत से प्रस्ताव बनाकर दिए किसी पर भी काम नहीं हुआ।

प्रश्नकाल में भाजपा विधायक किरण सिंह देव का सवाल था कि वर्ष 2022 से 20 जून 2025 तक की स्थिति में बस्तर संभाग में संचालित किन-किन उद्योगों से कितनी-कितनी राशि सीएसआर मद में प्राप्त हुई? सीएसआर मद में राशि प्रदान करने हेतु उद्योगों के लिए क्या-क्या नियम निर्धारित हैं? प्राप्त राशि में से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत कितनी-कितनी राशि के कौन-कौन से कार्य, कहां-कहां स्वीकृत किये गये? स्वीकृत कार्यों में कितने कार्य पूर्ण एवं कितने अपूर्ण हैं? सीएसआर मद में प्राप्त राशि का व्यय किसकी अनुशंसा पर किन-किन कार्यों में किये जाने का नियम निर्धारित है?

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन की ओर से जवाब आया कि वर्ष 2022 से 20 जून 2025 तक की स्थिति में बस्तर संभाग में संचालित विभिन्न उद्योगों से कुल राशि 104 करोड़ 71 लाख 10 हजार सीएसआर मद में प्राप्त हुई। सीएसआर मद में उद्योगों व्दारा राशि देने हेतु तथा प्राप्त राशि को व्यय करने के संबंध में भारत सरकार व्दारा कंपनी अधिनियम, 2013 (2013 का 18) की धारा 135 के अंतर्गत नियम/मापदण्ड निर्धारित है। निर्धारित नियम/मापदण्ड के अनुसार प्रत्येक कंपनी जिसकी गत वित्तीय वर्ष में नेटवर्थ 500 करोड़ अथवा अधिक या गत वित्तीय वर्ष में विक्रय 1000 करोड़ या अधिक या गत वित्तीय वर्ष में शुद्ध लाभ रूपये 5 करोड़ अथवा अधिक हो, के द्वारा गत तीन वित्तीय वर्ष के औसत लाभ का न्यूनतम 2 प्रतिशत राशि का व्यय किये जाने का मापदण्ड निर्धारित है। प्राप्त राशि में से जगदलपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत राशि 10 करोड़ 46 लाख 62 हजार रु. के 89 कार्य स्वीकृत किए गए हैं। स्वीकृत कार्यों में से 65 कार्य पूर्ण हैं एवं 24 कार्य अपूर्ण हैं। सीएसआर मद में प्राप्त राशि का व्यय भारत सरकार द्वारा कंपनी अधिनियम, 2013 (2013 का 18) की धारा 135 के अंतर्गत निर्धारित नियम/मापदण्ड अनुसार कंपनी द्वारा स्वयं अथवा स्व-निर्धारित एजेंसी के माध्यम से अधिनियम में वर्णित कार्यों पर व्यय की जा सकती है।

किरण सिंह देव ने कहा कि मेरे पास डिटेल है। सन् 2023-24 एवं 2024-25 में जिला प्रशासन व्दारा मेरे क्षेत्र में किसी भी प्रकार की राशि स्वीकृत नहीं की गई। मेरे व्दारा प्रस्तावित विकास कार्यों को स्वीकृति नहीं मिली। सीएसआर मद को इस तरह हटाने की क्या जरूरत थी। मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि आपके यहां 1 करोड़ का बैडमिंटन कोर्ट स्वीकृत हुआ है। 17 प्रस्ताव बजट के अभाव में रोके गए हैं। आप हमारी पार्टी के अध्यक्ष हैं। पूरा प्रयास करेंगे कि आपके यहां काम रुकने नहीं पाए। किरण सिंह देव ने कहा कि आपकी बातों से ही साफ हो जाता है कि सीएसआर मद से किसी तरह की राशि स्वीकृत नहीं की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *