विधायक कॉलोनी में बने क्वींस क्लब पर 1 करोड़ 12 लाख की वसूली बाकी… विधानसभा में कांग्रेस विधायक संदीप साहू के सवाल पर आया जवाब…

मिसाल न्यूज़

रायपुर। राजधानी रायपुर के विधायक कॉलोनी में बने क्वींस क्लब के संचालन का जिम्मा जिस व्यक्ति को सौंपा गया था उससे 1 करोड़ 12 लाख वसूल किया जाना बाकी है। विधानसभा में आज कांग्रेस विधायक संदीप साहू व्दारा पूछे गए सवाल पर आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी का लिखित में यह जवाब आया।

कांग्रेस विधायक संदीप साहू का लिखित में सवाल था कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल व्दारा राजधानी रायपुर के विधायक कॉलोनी में स्थित क्वींस क्लब को सर्वप्रथम संचालन हेतु किस संस्था को कब, किन शर्तों व अनुबंधों के आधार पर हस्तांतरित किया गया? शर्तों एवं अनुबंध के उल्लंघन में कब-कब, क्या-क्या अनियमितताएं पाई गईं? छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल द्वारा कब-कब क्या कार्यवाही की गई? क्लब संचालक से कितनी राशि की वसूली शेष है, वसूली हेतु क्या कार्यवाही की गई है? वर्तमान में क्वींस क्लब के संचालन हेतु किस संस्था को कब, किन शर्तों व अनुबंधों के आधार पर कितने वर्षों के लिए सौंपा गया है? क्वींस क्लब में क्या-क्या सुविधाएं मिल रही हैं? क्या अनुबंधित नियमों एवं शर्तों का पालन हो रहा है? इसका निरीक्षण वर्ष 2023-24 से जून, 2025 तक कब-कब किस सक्षम प्राधिकारी द्वारा किया गया है? निरीक्षण में क्या-क्या कमियां पाई गईं तथा उन पर क्या कार्यवाही की गई?

आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ. पी. चौधरी की तरफ से लिखित में जवाब आया कि छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल व्दारा विधायक कॉलोनी में स्थित क्वींस क्लब को सर्वप्रथम संचालन हेतु अनुबंध छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मण्डल एवं एमीनेंट इंफ्रास्ट्रक्बर प्रा.लि. व्दारा संचालक हरबक्श सिंह बत्रा के मध्य 10 फरवरी 2009 को अनुबंध निष्पादित किया गया था। अनुबंध की शर्तों के उल्लंघन फलस्वरुप नियमानुसार सूचना जारी करते हुए 15 मार्च 2024 को अनुबंध निरस्त कर मण्डल ने 17 मार्च 2024 को क्लब का भौतिक आधिपत्य ले लिया गया है। क्लब वर्तमान में मण्डल के आधिपत्य में है। क्लब के पूर्व अनुबंधित संचालक एमीनेंट इंफ्रास्ट्रक्चर प्रा.लि. प्रो. हरबक्श सिंह बत्रा से संपत्ति कर के विरूद्ध राशि रू. 46 लाख 72 हजार 843 रुपये लंबित है। लायसेंस फीस 34 लाख 75 हजार 337 रुपये तथा 6 अप्रैल 2024 तक की स्थित में विद्युत खपत की देयक राशि 31 लाख 18 हजार 400 रुपये है।  इस प्रकार कुल राशि 1 करोड़ 12 लाख 66 हजार 580 रुपये वसूली योग्य है। इस हेतु कार्यालयीन पत्र 27 जुलाई 2024, 22 अगस्त 2024 एवं 22 अगस्त 2024 के माध्यम से जमा करने हेतु पत्र प्रेषित किया गया है। वर्तमान में क्वींस क्लब संचालन हेतु किसी भी संस्था को सौंपा नहीं गया है। इस समय क्वींस क्लब का संचालन छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल व्दारा किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *